UttarakhandRainAlert : उत्तराखंड के इन जिलों में होगी ‘तूफानी’ बारिश जानें मौसम का मिजाज :- उत्तराखंड में मौसम का मिजाज खराब है. मौसम विभाग ने गुरुवार को देहरादून, नैनीताल, उत्तरकाशी सहित 7 जिलों में तेज बारिश होने की संभावना जताई है. इस दौरान कहीं-कहीं तेज आंधी भी चलेगी. जानिए ताजा अपडेट. उत्तराखंड में मौसम खराब मूड में है. इन दिनों कई जगहों पर बारिश और बर्फबारी हो रही है. इस बीच मौसम विभाग ने अगले 48 घंटे के लिए नई चेतावनी जारी कर दी है. मौसम विभाग ने देहरादून समेत 7 जिलों में तेज बारिश और आंधी को लेकर अलर्ट जारी किया है।
पर्वतीय इलाकों में बर्फबारी की भी संभावना जताई गई है.मौसम विभाग का कहना है कि टिहरी, पौड़ी, नैनीताल , उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, चंपावत में तेज बारिश हो सकती है. इतना ही नहीं आंधी भी आ सकती है. मौसम केंद्र के पूर्वानुमान के मुताबिक, गुरुवार को 50 से 60 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से हवा चल सकती है. राज्य में 3000 मीटर से ऊपर के इलाकों में बर्फबारी को लेकर भी अलर्ट जारी किया गया है।
शुक्रवार को कैसा रहेगा मौसम?
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के ताजा पूर्वानुमान के मुताबिक, आज 19 मार्च को राज्य के सभी जिलों में मौसम खराब रहेगा. पहाड़ी क्षेत्रों से लेकर मैदानी इलाकों तक बारिश, बर्फबारी और गर्जन के साथ आकाशीय बिजली चमकने की संभावना है. आसमान में काले बादल छाए रहेंगे और 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से हवाएं चलेंगी. जबकि, 20 मार्च को भी मौसम का मिजाज कुछ ऐसा ही रहने वाला है।
आज कहां-कहां हो सकती है बर्फबारी?
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग की ताजा रिपोर्ट के मुताबिक, राज्य के पहाड़ी जिलों में 3000 मीटर या इससे अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में आज बर्फबारी होगी. बद्रीनाथ, केदारनाथ समेत उच्च पहाड़ी क्षेत्रों में आज भारी बर्फबारी का सुंदर नजारा देखने को मिलेगा. पहाड़ों पर होने वाली बर्फबारी का सीधा असर मैदानी इलाकों में चलने वाली हवाओं में दिखाई देगा।
उत्तराखंड में आज कितना रहेगा तापमान?
अब अगर तापमान की बात करें तो उत्तराखंड के सभी जनपदों में बारिश-बर्फबारी होने से मैदानी क्षेत्र का अधिकतम तापमान 28°C और न्यूनतम तापमान 13°C तक रहने की संभावना है. जबकि, पहाड़ी क्षेत्र खास तौर से मुक्तेश्वर आदि में अधिकतम तापमान 16°C से लुढ़क कर 14°C और न्यूनतम तापमान 6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है. तापमान के हिसाब से पहाड़ी जिलों में मौसम जनवरी जैसी ठंड का महूसस कराएगा. मैदानी इलाकों का हाल भी कुछ-कुछ ऐसा ही रहने वाला है. मौसम के बदलते तेवर को देखते हुए लोगों को सावधानी बरतने की जरुरत है।



