उत्तराखंडक्राइम

चेकिंग के दौरान बेकाबू छात्रों का हमला, पुलिसकर्मी पर कार चढ़ाई, चार गिरफ्तार

Listen to this article

देहरादून। देहरादून की सड़कों पर अपराधियों के हौसले बुलंद नजर आ रहे हैं। हाल ही में रोडरेज के दौरान फायरिंग में एक रिटायर्ड ब्रिगेडियर की मौत के बाद अब विकासनगर के डाकपत्थर क्षेत्र में पुलिस टीम पर कार चढ़ाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है।

देर रात चेकिंग के दौरान वाहन रोकने से नाराज छात्रों ने पुलिसकर्मी पर कार चढ़ा दी, जिससे एक सिपाही और एक स्थानीय व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने कार सवार चार छात्रों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक आरोपी छात्र अस्पताल में भर्ती है। सभी आरोपियों के खिलाफ कोतवाली विकासनगर में मुकदमा दर्ज किया गया है।

ऑपरेशन प्रहार के तहत चल रही थी चेकिंग

कोतवाल राजीव रौथाण ने बताया कि मंगलवार देर रात ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत कोतवाली विकासनगर की संयुक्त टीम डाकपत्थर तिराहे पर संदिग्ध वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान हरबर्टपुर की ओर से तेज रफ्तार में आ रही हरियाणा नंबर की काले रंग की कार को पुलिस ने रुकने का इशारा किया।

लेकिन चालक वाहन रोकने के बजाय कार को तेजी से डाकपत्थर पुल नंबर-1 की ओर लेकर भाग निकला। संदिग्धता होने पर उपनिरीक्षक नौशाद अंसारी, कांस्टेबल लोकेन्द्र पंवार और कांस्टेबल राजेन्द्र बर्तवाल ने कार का पीछा किया। बाद में वाहन डाकपत्थर रोड पर धनवंतरी चौक के पास रुकता दिखाई दिया।

गाली-गलौज के बाद पुलिस पर चढ़ाई कार

पुलिस के अनुसार जैसे ही पूछताछ के लिए टीम आगे बढ़ी, कार सवार छात्रों ने गाली-गलौज शुरू कर दी और जान से मारने की नीयत से कार को तेज गति से पीछे करते हुए पुलिसकर्मियों पर चढ़ा दिया।

इस हमले में कांस्टेबल लोकेन्द्र पंवार गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि मौके पर मौजूद स्थानीय व्यक्ति विपिन भी कार की चपेट में आकर घायल हो गया। कांस्टेबल राजेन्द्र बर्तवाल बाल-बाल बच गए। आरोपी मौके से फरार हो गए और जाते-जाते दोबारा वाहन रोकने पर जान से मारने की धमकी भी दी।

घायलों को तुरंत लेहमन अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से घायल पुलिसकर्मी को गंभीर स्थिति में देहरादून रेफर कर दिया गया।

बल्लीवाला फ्लाईओवर पर दुर्घटनाग्रस्त हुई कार

घटना के बाद आरोपी देहरादून की ओर फरार हो गए और पुलिस से बचने के लिए गली-मोहल्लों के रास्तों का इस्तेमाल किया। बाद में बल्लीवाला फ्लाईओवर के पास उनकी कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई।

दुर्घटना में चालक गौरव चौधरी पुत्र सुधीर चौधरी, निवासी नई कॉलोनी, निकट गोगामाड़ी मंदिर डाकपत्थर घायल हो गया, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस को मौके से चालक सहित दो लोग मिले, जबकि तीन अन्य आरोपी रास्ते में उतरकर फरार हो गए थे। बाद में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

Adil Rao

एडिटर इन चीफ

Adil Rao

एडिटर इन चीफ

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!