उत्तराखंड

2027 विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस ने कसी कमर, अल्पसंख्यक विभाग की नई कार्यकारिणी का ऐलान

Listen to this article

देहरादून: उत्तराखंड विधानसभा चुनाव 2027 से पहले प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अल्पसंख्यक विभाग ने अपनी प्रदेश कार्यकारिणी की घोषणा कर दी है। पार्टी की ओर से कहा गया है कि आगामी विधानसभा चुनाव को मजबूती के साथ लड़ने के लिए संगठन को सक्रिय किया जा रहा है। इसी क्रम में प्रदेश महामंत्री, सचिवों और उपाध्यक्षों समेत अन्य पदों पर नियुक्तियां की गई हैं। जिला, महानगर और एडवाइजरी कमेटी की घोषणा अभी बाकी है, जिसकी तैयारियां लगभग पूरी होने की बात कही गई है।

अल्पसंख्यक विभाग के प्रदेश अध्यक्ष सुलेमान अली ने नई प्रदेश कार्यकारिणी के पदाधिकारियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने उम्मीद जताई कि सभी पदाधिकारी मिल-जुलकर संगठन को मजबूत करने में योगदान देंगे और 2027 के विधानसभा चुनाव में पार्टी को जीत दिलाने के लक्ष्य के साथ काम करेंगे।

फिलहाल उत्तराखंड कांग्रेस के अल्पसंख्यक विभाग की ओर से 24 उपाध्यक्ष, 34 महासचिव, 65 सचिव, पांच प्रवक्ता और एक सोशल मीडिया प्रभारी की घोषणा की गई है। विभाग की ओर से जिला, महानगर और एडवाइजरी कमेटी के गठन की प्रक्रिया भी जारी है।

सुलेमान अली ने कहा कि 2027 के विधानसभा चुनाव में अल्पसंख्यक विभाग की महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी। उन्होंने बताया कि इस बार प्रदेश की सभी 70 विधानसभा सीटों में टीम बनाकर काम किया जाएगा और संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने की दिशा में कार्य किया जाएगा।

उन्होंने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में प्रदेश में कई विकास कार्य किए गए, जबकि भाजपा सरकार कांग्रेस की ओर से तैयार किए गए संस्थानों और योजनाओं को नुकसान पहुंचाने का काम कर रही है। उन्होंने कहा कि जनता के बीच यह बात रखी जाएगी कि कांग्रेस सरकारों ने शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और बुनियादी ढांचे के क्षेत्र में क्या काम किए हैं।

सुलेमान अली ने धार्मिक स्थलों को लेकर सरकार की कार्रवाई पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि केवल धार्मिक स्थलों को तोड़ने से प्रदेश में रोजगार या शिक्षा की समस्या का समाधान नहीं होगा। सरकार को शिक्षा, स्वास्थ्य और युवाओं के भविष्य जैसे मुद्दों पर ध्यान देना चाहिए।

पेपर लीक और युवाओं के मुद्दे पर भी उन्होंने सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि युवा वर्षों तक मेहनत और तैयारी करते हैं, लेकिन पेपर लीक होने से उनकी मेहनत पर पानी फिर जाता है। सरकार को युवाओं की समस्याओं और भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित करने पर गंभीरता से काम करना चाहिए।

धार्मिक स्थलों और मकान तोड़े जाने की कार्रवाई को लेकर सुलेमान अली ने कहा कि किसी भी धर्म के धार्मिक स्थल को बिना पूरी कानूनी प्रक्रिया के नहीं तोड़ा जाना चाहिए। यदि कोई निर्माण अवैध है तो उसकी जांच और कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद ही कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि किसी व्यक्ति ने अपराध किया है तो कानून के तहत उसे सजा मिलनी चाहिए, लेकिन उसके परिवार को दंडित नहीं किया जाना चाहिए।

उन्होंने कहा कि मकान तोड़े जाने की कार्रवाई से परिवार के सामने रहने की समस्या खड़ी हो जाती है। इसलिए ऐसी कार्रवाई कानून के दायरे में ही की जानी चाहिए।

सुलेमान अली ने दावा किया कि कांग्रेस 2027 का विधानसभा चुनाव पूरी मजबूती और एकजुटता के साथ लड़ेगी। उन्होंने कहा कि सभी कार्यकर्ताओं को साथ लेकर संगठन को मजबूत किया जाएगा और 2027 में कांग्रेस की सरकार बनाने के लक्ष्य के साथ पार्टी पूरी मेहनत और लगन से काम करेगी।

Adil Rao

एडिटर इन चीफ

Adil Rao

एडिटर इन चीफ

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!