
जहाँ लोगों को दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे के पूरा होने का इंतजार है, लेकिन इससे पहले आपको देहरादून तक पहुंचाने के लिए एक दूसरे फोर लेन हाईवे की सौगात मिलने वाली है. NHAI ने लगभग इस फोर लेन हाईवे का काम पूरा कर लिया है. इसके बनने से देहरादून से पांवटा साहिब तक का सफर दो घंटे से घटकर मात्र 35 मिनट हो जाएगा।
पूरी तरह से कब खुलेगा ये हाईवे?
NHAI ने अगले दो से तीन महीने में इस 4 लेन हाईवे का काम पूरा करने का लक्ष्य रखा है. रिपोर्ट्स की मानें तो मानसून आने से पहले इसका काम पूरा हो सकता है. फिर इसे पूरी तरह से आम जनता के लिए खोल दिया जाएगा. वैसे तो यह हाईवे अभी भी लोगों के लिए खुला हुआ है, लेकिन हाईवे की शुरुआत और अंतिम छोर पर कुछ जगहों पर काम बचा है।
अगर आप अभी इस 4 लेन हाईवे पर सफर करते हैं तो आपकी गाड़ी फर्राटा मारते हुए महसूस होगी. यह 4 लेन हाईवे कोई और नहीं देहरादून-पांवटा साहिब 4 लेन हाईवे है. इसका निर्माण कार्य लगभग 95 फीसदी तक पूरा हो गया है. अभी देहरादून और पांवटा साहिब के बीच टू लेन वाले दो हाइवे हैं. जिसमें पहले NH-7 और दूसरा चकराता रोड है।
इन दोनों हाईवे पर अभी ट्रैफिक का बहुत दबाव रहता है. जिसकी वजह से NHAI देहरादून और हिमाचल के प्रमुख सिख तीर्थ पांवटा साहिब को जोड़ने के लिए देहरादून-पांवटा साहिब हाईवे का निर्माण कर रही है. जिसकी पूरी लंबाई करीब 45 किमी है. इसका कुछ हिस्सा ब्राउन फील्ड है, जबकि ज्यादातर हिस्सा पूरी तरह से ग्रीन फील्ड है।
आपको बता दें, ब्राउन फील्ड का मतलब पुरानी रोड को ही अपग्रेड करने से है, जबकि ग्रीन फील्ड का मतलब बिल्कुल नए इलाके से निकलने वाली सड़क से है. इस 4 लेन हाईवे का काम दो सिविल पैकेजेस में हो रहा है, जिसमें पहला पैकेज पोंटा साहिब से मेदिनीपुर तक करीब 18.7 किमी लंबा है. वहीं, दूसरा पैकेज मेदिनीपुर से देहरादून में बल्लूपुर तक करीब 26.1 किमी है।

देहरादून की तरफ से इसकी शुरुआत प्रेमनगर से होती है. यहां शुरुआत में ही फ्लाईओवर पर काम हो रहा है. फ्लाईओवर के अप्रोच रोड के लिए अर्थवर्क का काम लगभग हो गया है. ये फ्लाईओवर पांवटा साहिब से आने वाले ट्रैफिक के लिए बन रहा है. शुरुआत में सर्विस रोड का काम भी अभी बाकी है. हाईवे के ज्यादातर हिस्से पर रोड मार्किंग और सर्विस रोड का काम हो चुका है।
प्रेम नगर से आगे बढ़ने पर तो इसका पहला राउंड अबाउट आता है, जहां से मसूरी के लिए निकलने वाले बाईपास की शुरुआत होने की संभावना है. यहां से कुछ ही दूरी पर दूसरा राउंड अबाउट है, जहां से एक नया हाईवे बन रहा है, जो इस 4 लेन हाईवे को दिल्ली-देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर से जोड़ेगा।
पांवटा साहिब की तरफ कैनाल के ऊपर बनाए जा रहे पुल का काम भी पूरा हो गया है. इतना ही नहीं यमुना नदी पर बना पुल भी तैयार हो गया है. हालांकि, अभी यह ट्रैफिक के लिए नहीं खुला है. ब्रिज के दूसरे हिस्से पर अभी काम हो रहा है. उसके बाद कुछ अर्थवर्क का काम हो रहा है. उम्मीद है कि जल्द ही ये जनता के लिए खुल जाएगा. जिससे देहरादून से पांवटा साहिब की दूरी अब घंटों में नहीं, बल्कि मिनटों में तय की जा सकेगी।



