शीतकालीन चारधाम यात्रा में श्रद्धालुओं का बनेगा डाटा, पंजीकरण व्यवस्था पर विचार
देहरादून। उत्तराखंड में चारधाम यात्रा की तर्ज पर अब शीतकालीन चारधाम यात्रा के लिए भी पंजीकरण व्यवस्था लागू करने की तैयारी की जा रही है। इसके तहत शीतकालीन प्रवास स्थलों पर दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं की जानकारी पर्यटन विभाग और प्रशासन के पास उपलब्ध रहेगी। इससे यात्रियों का डाटा तैयार करने के साथ ही सुरक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी। हालांकि, शीतकालीन यात्रा में भीड़ कम होने के कारण पंजीकरण अनिवार्य नहीं किया जाएगा।
चारधाम यात्रा के तहत गंगोत्री, यमुनोत्री और केदारनाथ धाम के कपाट शीतकाल के लिए बंद हो चुके हैं। 16 नवंबर को बदरीनाथ धाम के कपाट बंद होने के साथ ही इस वर्ष की मुख्य चारधाम यात्रा छह माह के लिए स्थगित हो जाएगी। इसके बाद श्रद्धालु चारों धामों के शीतकालीन प्रवास स्थलों पर पहुंचकर पूजा-अर्चना और दर्शन कर सकेंगे।
शीतकाल में बाबा केदार की पंचमुखी चल विग्रह उत्सव डोली ऊखीमठ स्थित ओंकारेश्वर मंदिर में विराजमान होती है। मां गंगा की पूजा मुखबा और मां यमुना की पूजा खरसाली में होती है। वहीं, बदरीनाथ धाम के कपाट बंद होने के बाद शंकराचार्य की गद्दी ज्योतिर्मठ स्थित नृसिंह मंदिर और उद्धव जी की पूजा पांडुकेश्वर में होती है।
2025 में 50 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने किए दर्शन
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पहल पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने 8 दिसंबर 2024 को ऊखीमठ स्थित ओंकारेश्वर मंदिर में पूजा-अर्चना के साथ शीतकालीन यात्रा की शुरुआत की थी। इसके बाद शीतकालीन प्रवास स्थलों पर श्रद्धालुओं की आवाजाही बढ़ाने के प्रयास किए जा रहे हैं। वर्ष 2024 में 73 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने चारधामों के शीतकालीन प्रवास स्थलों पर दर्शन किए थे, जबकि 2025 में 50 हजार से अधिक श्रद्धालु पहुंचे।
पंजीकरण अनिवार्य नहीं, सुरक्षा के लिहाज से तैयार होगा डाटा
पर्यटन सचिव धीराज गर्ब्याल ने बताया कि चारधाम यात्रा के बाद प्रदेश में शीतकालीन यात्रा को बढ़ावा दिया जाएगा। इसके लिए पंजीकरण की व्यवस्था बनाने पर विचार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि चारधाम यात्रा की तुलना में शीतकालीन यात्रा में श्रद्धालुओं की संख्या कम रहती है। इसे देखते हुए पंजीकरण अनिवार्य नहीं होगा। इस व्यवस्था का उद्देश्य सुरक्षा के लिहाज से यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं की जानकारी जुटाना और उनका डाटा तैयार करना है।


