उत्तराखंड

केदारनाथ में नई व्यवस्था: अब सभा मंडप से होंगे बाबा केदार के दर्शन, गर्भगृह में प्रवेश नहीं

Listen to this article

रुद्रप्रयाग | प्रसिद्ध केदारनाथ धाम में इस बार श्रद्धालु गर्भगृह के भीतर नहीं जाएंगे, बल्कि सभा मंडप से ही स्वयंभू शिवलिंग के दर्शन करेंगे। भारी भीड़ और अव्यवस्था को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है।

हर वर्ष बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं, जिससे घंटों लंबी कतारें लग जाती थीं और गर्भगृह में प्रवेश के दौरान अव्यवस्था की स्थिति बन जाती थी। इस बार यात्रा की शुरुआत से ही नई व्यवस्था लागू कर दी गई है, ताकि श्रद्धालु सभा मंडप से दर्शन कर सुव्यवस्थित तरीके से बाहर आ सकें।

दर्शन होंगे सुगम और सरल

बदरी-केदार मंदिर समिति (बीकेटीसी) अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने कहा कि देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं को सुगम और सरल दर्शन उपलब्ध कराना समिति की प्राथमिकता है।

उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के दिशा-निर्देशों के अनुरूप श्री केदारनाथ धाम का पुनर्निर्माण किया गया है। साथ ही मुख्यमंत्री के ‘ग्रीन यात्रा’ संदेश के तहत स्वच्छता पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।

70 मीटर दायरे में मोबाइल प्रतिबंधित

मंदिर से 70 मीटर के दायरे में मोबाइल फोन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। फोटोग्राफी, वीडियोग्राफी और रील बनाने पर भी रोक लगाई गई है। गैर सनातनियों का प्रवेश भी वर्जित रहेगा।

श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मंदिर समिति ने लॉकर्स की व्यवस्था की है, जहां यात्री अपने मोबाइल और अन्य जरूरी सामान सुरक्षित रख सकेंगे।

टोकन व्यवस्था लागू

दर्शन व्यवस्था को सुचारू बनाने के लिए टोकन सिस्टम लागू किया गया है, जिससे श्रद्धालुओं को घंटों लाइन में खड़े रहने की जरूरत नहीं पड़ेगी।

Adil Rao

एडिटर इन चीफ

Adil Rao

एडिटर इन चीफ

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!