टिहरी वाहन हादसे की जांच को लीड एजेंसी की टीम पहुंची, मार्ग पर दिए अहम सुझाव

टिहरी | टिहरी में हुए भीषण वाहन हादसे की जांच के लिए सर्वोच्च न्यायालय की सड़क सुरक्षा समिति के निर्देशों के अनुपालन में राज्य में गठित लीड एजेंसी की टीम सोमवार को टिहरी पहुंची। टीम ने दुर्घटनास्थल का निरीक्षण कर मार्ग और वाहन दोनों की विस्तृत जांच की। निरीक्षण के आधार पर दुर्घटना के कारणों का विश्लेषण कर रिपोर्ट उच्च स्तर पर प्रेषित की जाएगी। उल्लेखनीय है कि इस हादसे में आठ लोगों की जान गई थी।
जांच के दौरान टीम ने पाया कि दुर्घटना स्थल पर सड़क की चौड़ाई पर्याप्त है और मार्ग पर पैराफिट भी लगे हुए हैं। हालांकि मोड़ के बाद लगातार ढाल होने की स्थिति सामने आई है। प्रथम दृष्टया यह प्रतीत होता है कि लगातार ढाल के कारण चालक वाहन की गति पर नियंत्रण नहीं रख सका, जिससे वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गया।
उप परिवहन आयुक्त शैलेश तिवारी ने बताया कि निरीक्षण के दौरान परिवहन विभाग, पुलिस, लोक निर्माण विभाग के स्थानीय अधिकारी तथा जेपीआरआई के विशेषज्ञ भी मौजूद रहे।
उन्होंने निर्देश दिए कि दुर्घटनास्थल पर गति सीमा तथा दुर्घटना संभावित क्षेत्र संबंधी चेतावनी बोर्ड तत्काल लगाए जाएं, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।



