उत्तराखंड

उत्तराखंड में मौसम ने बदली करवट, चारधाम यात्रा पर ऑरेंज अलर्ट जारी, हेली सेवाओं पर भी दिखेगा असर

Listen to this article

देहरादून। उत्तराखंड में एक बार फिर मौसम बिगड़ने लगा है। राजधानी देहरादून में मंगलवार सुबह तेज बारिश के कारण तापमान में गिरावट दर्ज की गई, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली, लेकिन जनजीवन प्रभावित हुआ।

मौसम विभाग ने राज्य में चारधाम यात्रा को ध्यान में रखते हुए अलर्ट जारी किया है। विभाग ने 12 और 13 मई को प्रदेश के पर्वतीय जिलों में भारी बारिश, तेज हवाएं और खराब मौसम की संभावना जताते हुए ऑरेंज अलर्ट घोषित किया है।

खासकर केदारनाथ, बदरीनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री यात्रा मार्गों पर यात्रियों को अतिरिक्त सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है। प्रशासन ने यात्रियों से मौसम की जानकारी लेकर ही यात्रा करने और सावधानी बरतने की अपील की है।

चारधाम यात्रा में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। 19 अप्रैल से 10 मई 2026 के बीच करीब 10.5 लाख से अधिक श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं, जिससे यात्रा मार्गों और पड़ावों पर दबाव लगातार बढ़ रहा है।

मौसम निदेशक डॉ. सीएस तोमर के अनुसार उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में आकाशीय बिजली, ओलावृष्टि और तेज झोंकेदार हवाओं की संभावना बनी हुई है।

मौसम को देखते हुए राज्य सरकार और प्रशासन हाई अलर्ट पर है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने यात्रा मार्गों पर सुरक्षा, ट्रैफिक और आपदा प्रबंधन के पुख्ता इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। वहीं डीजीपी ने यात्रा की निगरानी के लिए 6 वरिष्ठ आईपीएस अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी है।

हेलीकॉप्टर सेवाओं पर भी मौसम का असर पड़ सकता है, ऐसे में प्रशासन उड़ानों की रियल टाइम मॉनिटरिंग कर रहा है। मौसम खराब होने पर उड़ानों में बदलाव या रोक भी लगाई जा सकती है।

देहरादून में बारिश के बाद अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई है और पारा सामान्य से चार डिग्री कम होकर 31.2 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है।

Adil Rao

एडिटर इन चीफ

Adil Rao

एडिटर इन चीफ

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!