उत्तराखंड

उत्तराखंड में भीषण गर्मी का कहर, कई जिलों में ‘येलो अलर्ट’; मसूरी में बढ़ी पर्यटकों की भीड़

Listen to this article

देहरादून। उत्तराखंड में मई के महीने में गर्मी ने अचानक तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। मैदानी इलाकों में चिलचिलाती धूप और लू के थपेड़ों ने जनजीवन को प्रभावित कर दिया है। हरिद्वार और पंतनगर में पारा 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है, जबकि राजधानी देहरादून में तापमान 40 डिग्री के करीब दर्ज किया गया।

तीन जिलों में हीट वेव का येलो अलर्ट

मौसम विज्ञान विभाग ने देहरादून, हरिद्वार और उत्तरकाशी जिलों के लिए हीट वेव का ‘येलो अलर्ट’ जारी किया है। मौसम केंद्र के निदेशक डॉ. सीएस तोमर के अनुसार, अगले एक-दो दिनों में अधिकतम तापमान में 1 से 3 डिग्री सेल्सियस तक और बढ़ोतरी हो सकती है।

हरिद्वार और देहरादून के साथ देहरादून से सटे उत्तरकाशी के सीमावर्ती क्षेत्रों में कहीं-कहीं भीषण लू चलने की संभावना जताई गई है। बीते 24 घंटों में इन इलाकों में अधिकतम तापमान सामान्य से काफी अधिक रिकॉर्ड किया गया।

दिन के साथ रातें भी गर्म

गर्मी का असर केवल दिन में ही नहीं, बल्कि रात के तापमान में भी साफ देखा जा रहा है। देहरादून में न्यूनतम तापमान 23.1 डिग्री, हरिद्वार में 24.5 डिग्री और पंतनगर में 23.9 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं पर्वतीय क्षेत्रों में भी राहत सीमित है—मुक्तेश्वर में 15.2 डिग्री और नई टिहरी में 16.8 डिग्री तापमान दर्ज हुआ।

पहाड़ों में हल्की राहत की संभावना

भीषण गर्मी के बीच राहत की खबर यह है कि चमोली, पिथौरागढ़ और उत्तरकाशी के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश या गरज के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। हालांकि राज्य के अधिकांश हिस्सों में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है।

मसूरी में पर्यटन सीजन तेज

मैदानों में गर्मी बढ़ते ही लोग पहाड़ों का रुख कर रहे हैं। मसूरी में इन दिनों पर्यटन सीजन चरम पर है। मालरोड और कुलड़ी क्षेत्र स्थित व्यू प्वाइंट पर बड़ी संख्या में पर्यटक ठंडी हवाओं का आनंद लेने पहुंच रहे हैं। शाम के समय मालरोड की रौनक देखते ही बन रही है।

थार की गर्म हवाओं का असर

मौसम विभाग के वरिष्ठ वैज्ञानिक रोहित थपलियाल के अनुसार, राजस्थान के थार मरुस्थल से आ रही गर्म हवाओं ने वातावरण की नमी को कम कर दिया है। इसी कारण तापमान सामान्य से 3 से 5 डिग्री अधिक दर्ज किया जा रहा है और लू की स्थिति बन रही है।

Adil Rao

एडिटर इन चीफ

Adil Rao

एडिटर इन चीफ

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!