मेजर जनरल बी.सी. खंडूड़ी को नम आंखों से अंतिम विदाई, हरिद्वार में उमड़ा जनसैलाब

उत्तराखंड: पूर्व मुख्यमंत्री भुवन चंद्र खंडूरी को बुधवार को हरिद्वार में पूरे राजकीय सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी गई। खड़खड़ी श्मशान घाट पर उनके अंतिम संस्कार में राजनीतिक, सैन्य और सामाजिक क्षेत्र की कई हस्तियां मौजूद रहीं।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर समेत अनेक वरिष्ठ नेताओं ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। प्रदेशभर से आए समर्थकों और आम नागरिकों ने भी अपने प्रिय नेता को नम आंखों से विदा किया।
उपराष्ट्रपति ने दी श्रद्धांजलि
सी. पी. राधाकृष्णन ने पूर्व मुख्यमंत्री के निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा कि देश ने एक विशिष्ट सैनिक, सक्षम प्रशासक और असाधारण सत्यनिष्ठ राजनेता को खो दिया है। उन्होंने कहा कि खंडूड़ी का राष्ट्र निर्माण में योगदान सदैव मील का पत्थर बना रहेगा।
उपराष्ट्रपति बुधवार सुबह देहरादून स्थित बसंत विहार आवास पहुंचे, जहां उन्होंने पार्थिव शरीर पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। उल्लेखनीय है कि बीती 17 जनवरी को भी उपराष्ट्रपति ने देहरादून प्रवास के दौरान खंडूड़ी से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना था और लोकसभा में पूर्व सहकर्मी के रूप में अपने संबंधों को याद किया था।
कई केंद्रीय नेता पहुंचे हरिद्वार
सूत्रों के अनुसार, केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह और नितिन गडकरी सहित कई अन्य नेता भी हरिद्वार पहुंचे और श्रद्धांजलि दी।
राजकीय सम्मान के साथ संपन्न हुए अंतिम संस्कार में पुलिस बल ने गार्ड ऑफ ऑनर दिया। प्रदेश में तीन दिन का राजकीय शोक घोषित किया गया है। खंडूड़ी के निधन को उत्तराखंड और राष्ट्रीय राजनीति के लिए अपूरणीय क्षति माना जा रहा है।



