उत्तराखंड

अल्मोड़ा में सीएम धामी का कांग्रेस पर वार, बोले- राष्ट्रहित सर्वोपरि मानता है उत्तराखंड

Listen to this article

अल्मोड़ा : सीएम पुष्कर सिंह धामी ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी के प्रस्तावित उत्तराखंड दौरे से पहले उन पर तीखा हमला बोला है। मुख्यमंत्री ने कहा कि भारतीय सेना और सर्जिकल स्ट्राइक पर सवाल उठाने वालों को देवभूमि उत्तराखंड कभी स्वीकार नहीं करेगी।

दरअसल, राहुल गांधी आगामी 4 जून को उत्तराखंड दौरे पर आने वाले हैं। इस दौरान उनके अल्मोड़ा और पौड़ी गढ़वाल में रैली करने के साथ-साथ पूर्व सैनिकों और सैनिक परिवारों से संवाद करने का कार्यक्रम प्रस्तावित है। इसी को लेकर मुख्यमंत्री धामी ने प्रतिक्रिया दी।

अल्मोड़ा दौरे पर पहुंचे मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि राहुल गांधी लगातार भारतीय सेना और सर्जिकल स्ट्राइक पर सवाल उठाकर सैनिकों का अपमान करते रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी देश ही नहीं बल्कि विदेशों में भी भारतीय सेना की कार्रवाई पर सवाल उठाते हैं, जिसे देश की जनता स्वीकार नहीं करेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड एक सैन्य बहुल राज्य है और यहां के लोगों का राष्ट्रभक्ति और सेना से गहरा जुड़ाव है। उन्होंने कहा कि राज्य की सीमाएं दो देशों से लगती हैं, ऐसे में यहां के लोग राष्ट्रहित को सर्वोपरि मानते हैं। धामी ने कहा कि कांग्रेस की राजनीति उत्तराखंड में सफल नहीं होने वाली, क्योंकि देवभूमि के लोग हमेशा राष्ट्र को पहले स्थान पर रखते हैं।

इस दौरान मुख्यमंत्री धामी ने सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय में नवनिर्मित प्रशासनिक भवन और कुलपति आवास का लोकार्पण भी किया। साथ ही उन्होंने जिले में करीब 138 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार शिक्षा, आधारभूत संरचना और जनसुविधाओं को मजबूत करने के लिए लगातार कार्य कर रही है। विश्वविद्यालय में बने नए प्रशासनिक भवन और कुलपति आवास से शैक्षणिक और प्रशासनिक कार्यों को गति मिलेगी तथा विद्यार्थियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य पर्वतीय क्षेत्रों में शिक्षा और विकास को नई दिशा देना है, ताकि युवाओं को अपने ही क्षेत्र में बेहतर अवसर मिल सकें और उन्हें पलायन के लिए मजबूर न होना पड़े।

मुख्यमंत्री के दौरे के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों की भारी भीड़ मौजूद रही। वहीं, राजनीतिक हलकों में राहुल गांधी के प्रस्तावित दौरे और भाजपा के आक्रामक चुनावी रुख को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।

Adil Rao

एडिटर इन चीफ

Adil Rao

एडिटर इन चीफ

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!