उत्तराखंड

हरिद्वार में कांवड़िए को मारी गोली, हाईवे किनारे विश्राम के दौरान हुई वारदात

Listen to this article

हरिद्वार: धर्मनगरी हरिद्वार में कांवड़ यात्रा के दौरान एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। गंगाजल लेकर नोएडा लौट रहे एक कांवड़िए को अज्ञात हमलावरों ने गोली मार दी। गोली लगने से युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे पहले निजी अस्पताल और बाद में गंभीर हालत के चलते एम्स ऋषिकेश रेफर किया गया है। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया, जबकि पुलिस ने आरोपियों की तलाश में रातभर अभियान चलाया।

 

जानकारी के अनुसार, घायल युवक की पहचान अजय निवासी ग्रेटर नोएडा के रूप में हुई है। अजय अपने साथियों के साथ हरिद्वार से गंगाजल लेकर नोएडा जा रहा था। रविवार देर रात कांवड़ियों का दल कनखल थाना क्षेत्र में गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय के पास हाईवे किनारे रात्रि विश्राम के लिए रुका हुआ था।

 

कांवड़ियों के मुताबिक, हाईवे के ऊपर बने पुल पर कुछ युवक शराब पी रहे थे और शोर-शराबा कर रहे थे। कांवड़ियों ने जब उन्हें शांति बनाए रखने के लिए कहा तो दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हो गई। आरोप है कि कुछ देर बाद वे युवक नीचे आए और कांवड़ियों के पास पहुंच गए।

 

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हमलावरों ने अजय के सीने पर बंदूक तानकर गोली चला दी। हालांकि गोली सीने के बजाय कंधे में लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा। गोली चलने की आवाज सुनते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास मौजूद लोग घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े।

 

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को तत्काल नजदीकी निजी अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे एम्स ऋषिकेश रेफर कर दिया।

 

पुलिस जांच में सामने आया है कि वारदात को अंजाम देने वाले आरोपी अपनी एक बुलेट मोटरसाइकिल घटनास्थल पर ही छोड़कर फरार हो गए। पुलिस ने बाइक को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि पांच से छह हमलावर अन्य मोटरसाइकिलों पर सवार होकर मौके से फरार हुए।

 

घटना की सूचना मिलने पर सीओ सिटी शिशुपाल सिंह नेगी, कनखल थाना प्रभारी देवेंद्र सिंह रावत और एसएसआई अनुज सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने कांवड़ियों से घटना की जानकारी जुटाई और आसपास के क्षेत्रों में नाकाबंदी कर तलाशी अभियान चलाया।

 

बताया जा रहा है कि अजय जिस दल के साथ यात्रा कर रहा था, वह गाय को राष्ट्रमाता घोषित करने की मांग को लेकर 221 लीटर गंगाजल की विशेष कांवड़ लेकर हरिद्वार से नोएडा जा रहा था। दल में करीब 10 गौ सेवक शामिल थे और उन्हें लगभग 240 किलोमीटर की पैदल यात्रा पूरी करनी थी।

 

घटना के बाद स्थानीय गौ सेवक संगठन के सदस्य भी मौके पर पहुंचे और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की। पुलिस अधिकारियों ने आश्वासन दिया है कि मामले की गहन जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर पूरे घटनाक्रम का खुलासा किया जाएगा।

 

एसएसआई अनुज सिंह ने बताया कि पुलिस विभिन्न पहलुओं पर जांच कर रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और फरार आरोपियों की तलाश के लिए विशेष टीमें गठित की गई हैं। फिलहाल घायल अजय का इलाज जारी है और उसकी स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।

Adil Rao

एडिटर इन चीफ

Adil Rao

एडिटर इन चीफ

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!