श्रद्धालुओं के लिए राहत: केदारनाथ हेली सेवा की ऑनलाइन बुकिंग जल्द होगी शुरू

रुद्रप्रयाग: चारधाम यात्रा के तहत केदारनाथ हेली सेवा का लाभ लेने वाले श्रद्धालुओं के लिए राहत भरी खबर है। 15 जून के बाद की यात्रा के लिए हेलीकॉप्टर टिकटों की ऑनलाइन बुकिंग का दूसरा स्लॉट जून के पहले सप्ताह में खोला जाएगा। इस संबंध में उत्तराखंड नागरिक उड्डयन विकास प्राधिकरण (यूकाडा) तैयारियों में जुटा हुआ है।
गौरतलब है कि यूकाडा ने केदारनाथ हेली सेवा के लिए पहला ऑनलाइन बुकिंग स्लॉट 15 अप्रैल को जारी किया था। इसके तहत 22 अप्रैल से 15 जून तक की यात्रा के लिए टिकट बुकिंग की गई थी। श्रद्धालुओं में हेली सेवा को लेकर भारी उत्साह देखने को मिला था और महज एक घंटे के भीतर 33 हजार से अधिक टिकट बुक हो गए थे।
अब यूकाडा 15 जून के बाद की यात्रा के लिए दूसरा स्लॉट खोलने जा रहा है। यूकाडा के सीईओ डॉ. आशीष चौहान ने बताया कि बुकिंग की तिथि जल्द घोषित की जाएगी, ताकि श्रद्धालु समय रहते अपनी यात्रा की योजना बना सकें।
खराब मौसम के चलते प्रभावित हुई केदारनाथ यात्रा
वहीं दूसरी ओर, रुद्रप्रयाग जिले में लगातार हो रही बारिश और खराब मौसम के कारण केदारनाथ यात्रा प्रभावित हुई है। मौसम विभाग ने जिले में भारी बारिश, तेज आंधी और प्रतिकूल मौसम की संभावना को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने एहतियातन केदारनाथ यात्रा को कुछ समय के लिए रोक दिया था। हालांकि दोपहर बाद मौसम में सुधार होने पर श्रद्धालुओं को फिर आगे जाने की अनुमति दी गई।
जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार ने बताया कि खराब मौसम और ऑरेंज अलर्ट के मद्देनजर यात्रियों को निकटतम होल्डिंग स्थलों और सुरक्षित स्थानों पर रोका गया है। उन्होंने कहा कि पुलिस, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, डीडीआरएफ सहित सभी राहत एजेंसियों को अलर्ट मोड पर रखा गया है।
यात्रा मार्गों पर प्रशासन की पैनी नजर
जिलाधिकारी विशाल मिश्रा लगातार मौसम और यात्रा मार्गों की स्थिति की निगरानी कर रहे हैं। सोनप्रयाग और गौरीकुंड जैसे संवेदनशील क्षेत्रों में तैनात अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि मौसम सामान्य होने तक किसी भी यात्री को आगे न जाने दिया जाए।
इसके अलावा कंट्रोल रूम से सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से पूरे यात्रा मार्ग पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। प्रशासन का कहना है कि मौसम में सुधार होते ही यात्रा को पूरी तरह सुचारू कर दिया जाएगा।
चारधाम यात्रा के दौरान बढ़ती श्रद्धालुओं की संख्या और मौसम की चुनौतियों को देखते हुए प्रशासन सुरक्षा व्यवस्था और यात्रा संचालन पर लगातार नजर बनाए हुए है।



