उत्तराखंड

मुनस्यारी में दर्दनाक हादसा: 200 मीटर गहरी खाई में गिरी पिकअप, दो युवकों की मौत, चालक बचा

Listen to this article

पिथौरागढ़: उत्तराखंड के सीमांत जनपद पिथौरागढ़ के मुनस्यारी क्षेत्र में रविवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। मुनस्यारी-मिलम मोटर मार्ग पर एक पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर करीब 200 मीटर गहरी खाई में जा गिरा। हादसे में वाहन सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चालक वाहन से बाहर छिटक जाने के कारण बच गया।

 

जानकारी के अनुसार रविवार शाम करीब 5 बजे एक पिकअप वाहन लास्पा गांव से मुनस्यारी की ओर आ रहा था। जैसे ही वाहन रड़गाड़ी के पास पहुंचा, चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और पिकअप गहरी खाई में जा गिरी। दुर्घटना स्थल बेहद दुर्गम और खड़ी चट्टानों वाला क्षेत्र बताया जा रहा है।

 

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार वाहन सड़क से नीचे गिरने के बाद कई चट्टानों से टकराता हुआ गोरी नदी के किनारे जा पहुंचा। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वाहन के परखच्चे उड़ गए।

 

हादसे के समय वाहन में चालक सहित तीन लोग सवार थे। चालक जगत मेहता निवासी तेजम वाहन से बाहर छिटक गया, जिससे उसकी जान बच गई। वहीं वाहन में सवार दो अन्य युवक चट्टानों के बीच फंस गए और उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

 

मृतकों की पहचान मनेंद्र राम (30) निवासी धारचूला तथा प्रकाश (28) मूल निवासी नेपाल के रूप में हुई है।

 

घटना स्थल पर मोबाइल नेटवर्क न होने के कारण दुर्घटना की सूचना समय पर नहीं मिल सकी। शाम करीब 5:15 बजे सबसे पहले आईटीबीपी (ITBP) को हादसे की जानकारी मिली, जिसके बाद स्थानीय प्रशासन, पुलिस और एसडीआरएफ को सूचना दी गई।

 

दुर्गम भूभाग, खड़ी चट्टानों और अंधेरा होने के कारण रेस्क्यू अभियान काफी चुनौतीपूर्ण रहा। आईटीबीपी के जवानों, एसडीआरएफ की टीम तथा पुलिस ने संयुक्त रूप से राहत एवं बचाव अभियान चलाया।

 

करीब 8 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद दोनों शवों को खाई से निकालकर सड़क तक पहुंचाया गया। इसके बाद एम्बुलेंस की मदद से शवों को मुनस्यारी भेजा गया।

 

पुलिस के अनुसार दोनों शवों का पोस्टमार्टम मुनस्यारी में कराया जा रहा है। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिए जाएंगे। हादसे के बाद मृतकों के परिवारों में शोक की लहर है, जबकि स्थानीय लोगों ने क्षेत्र में सड़क सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग उठाई है।

Adil Rao

एडिटर इन चीफ

Adil Rao

एडिटर इन चीफ

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!