नैनीताल में ट्रैफिक व्यवस्था में बड़ा बदलाव: 1 अगस्त से माल रोड पर हॉर्न बजाना पूरी तरह प्रतिबंधित

नैनीताल: उत्तराखंड की प्रसिद्ध पर्यटन नगरी नैनीताल में यातायात व्यवस्था को अधिक सुरक्षित, सुगम और पर्यटक-अनुकूल बनाने के लिए प्रशासन ने कई अहम फैसले लिए हैं। कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में निर्णय लिया गया कि 1 अगस्त 2026 से माल रोड पर वाहनों के हॉर्न बजाने पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा। इसके अलावा तल्लीताल डांठ से हनुमानगढ़ी बैंड तक के क्षेत्र को नो-पार्किंग जोन घोषित किया जाएगा।
माल रोड बनेगी ‘नो हॉर्न जोन’
बैठक में कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत ने कहा कि नैनीताल देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों का प्रमुख पर्यटन स्थल है। माल रोड इसकी सबसे बड़ी पहचान है, जहां लोग प्राकृतिक सौंदर्य और शांत वातावरण का आनंद लेने आते हैं। ऐसे में वाहनों के अनावश्यक हॉर्न से होने वाले ध्वनि प्रदूषण को रोकने के लिए 1 अगस्त से माल रोड को ‘नो हॉर्न जोन’ बनाया जाएगा।
तल्लीताल से हनुमानगढ़ी तक नो-पार्किंग जोन
नैनी झील के आसपास यातायात को सुचारू बनाए रखने के लिए तल्लीताल डांठ से हनुमानगढ़ी बैंड तक वाहनों की पार्किंग पर प्रतिबंध लगाने का फैसला लिया गया है। पुलिस को इस संबंध में प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
बिना फिटनेस वाले वाहनों पर होगी सख्त कार्रवाई
बैठक में परिवहन विभाग और पुलिस को निर्देश दिए गए कि बिना फिटनेस वाले किसी भी सरकारी या निजी वाहन को सड़कों पर संचालित न होने दिया जाए। ऐसे वाहनों को सीज किया जाएगा। साथ ही निजी वाहनों के व्यावसायिक उपयोग पर भी विशेष अभियान चलाकर नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
रूसी बाईपास बनेगा आधुनिक पार्किंग हब
पर्यटकों की बढ़ती संख्या को देखते हुए रूसी बाईपास को आधुनिक और अधिक क्षमता वाली पार्किंग के रूप में विकसित करने का निर्णय लिया गया। इसके लिए जिलाधिकारी नैनीताल को विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार कराने के निर्देश दिए गए हैं। प्रस्तावित पार्किंग में शौचालय, पेयजल, बिजली, दुकानों और सीसीटीवी निगरानी जैसी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
बारिश के बीच नैनीताल रोड पर लगा जाम
बुधवार को हुई तेज बारिश के कारण नैनीताल रोड पर भीषण जाम की स्थिति बन गई। बारिश से बचने के लिए बड़ी संख्या में लोगों ने दोपहिया के बजाय चारपहिया वाहनों का इस्तेमाल किया, जिससे तिकोनिया से मंगलपड़ाव तक वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। कई स्थानों पर जलभराव और फिसलन के कारण दोपहिया वाहन चालक दुर्घटनाग्रस्त भी हुए।
यातायात व्यवस्था सुधारने पर जोर
बैठक में आईजी कुमाऊं निवेदिता कुकरेती, डीएम ललित मोहन रयाल, एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी समेत विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया। कुमाऊं आयुक्त ने सभी विभागों को तय समयसीमा में यातायात सुधार से जुड़े निर्णयों को प्रभावी ढंग से लागू करने के निर्देश दिए।



