चारधाम यात्रा पर बारिश की मार, बदरीनाथ हाईवे बंद, रुद्रप्रयाग में हाई अलर्ट

उत्तराखंड मौसम अपडेट: उत्तराखंड में मॉनसून ने रफ्तार पकड़ ली है। राज्य के अधिकांश हिस्सों में लगातार बारिश हो रही है, जबकि पहाड़ी जिलों में भारी वर्षा का दौर जारी है। चारधाम यात्रा के प्रमुख पड़ाव रुद्रप्रयाग में लगातार हो रही बारिश के बीच जिला प्रशासन ने अलर्ट जारी करते हुए लोगों और तीर्थयात्रियों से सतर्क रहने की अपील की है। वहीं, भारी बारिश के चलते बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग गुलाबकोटी में मलबा और सड़क धंसने से बंद हो गया है।
खतरे के निशान के करीब पहुंचीं नदियां
जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी (DDMO) नंदन सिंह राजवार ने बताया कि ऊपरी हिमालयी क्षेत्रों में लगातार बारिश के कारण अलकनंदा और मंदाकिनी नदियों का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। वर्तमान में जलस्तर 622 मीटर दर्ज किया गया है, जबकि चेतावनी स्तर 626 मीटर और खतरे का स्तर 627 मीटर निर्धारित है। प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।
जलस्तर बढ़ते ही जारी होगा अलर्ट
प्रशासन ने बताया कि जैसे ही जलस्तर चेतावनी के निशान तक पहुंचेगा, व्हाट्सएप ग्रुपों के माध्यम से अलर्ट जारी किया जाएगा। इसके अलावा सार्वजनिक उद्घोषणा वाहनों और जमीनी टीमों के जरिए भी लोगों को सतर्क किया जाएगा। नदी किनारे रहने वाले लोगों और चारधाम यात्रियों से अनावश्यक रूप से नदी तट और संवेदनशील क्षेत्रों में न जाने की अपील की गई है।
4 जुलाई तक भारी बारिश का अलर्ट
भारत मौसम विज्ञान विभाग ने 4 जुलाई तक रुद्रप्रयाग सहित कई जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। आज देहरादून, टिहरी, पौड़ी, नैनीताल और बागेश्वर जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट, जबकि हरिद्वार, उत्तरकाशी और चमोली के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।
बदरीनाथ हाईवे पर यातायात ठप
लगातार बारिश के कारण बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग गुलाबकोटी में भारी मलबा आने और सड़क धंसने से यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया है। सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गई हैं। संबंधित विभाग सड़क से मलबा हटाकर मार्ग बहाल करने में जुटा है, लेकिन रुक-रुक कर हो रही बारिश राहत कार्य में बाधा बन रही है।
प्रशासन ने की सतर्क रहने की अपील
जिला प्रशासन ने लोगों से मौसम विभाग की चेतावनियों का पालन करने, अनावश्यक यात्रा से बचने और नदी-नालों के आसपास जाने से परहेज करने की अपील की है। साथ ही चारधाम यात्रा पर निकले श्रद्धालुओं से भी यात्रा शुरू करने से पहले मौसम और सड़क की स्थिति की जानकारी लेने को कहा गया है।



