उत्तराखंड

स्विमिंग पूल बना मौत का कारण, युवक की संदिग्ध मौत ; पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

Listen to this article

रुद्रपुर: उधम सिंह नगर जिले के दिनेशपुर थाना क्षेत्र में स्विमिंग पूल में नहाने के दौरान एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मौत के कारणों का पता लगाने के लिए जांच में जुट गई है।

दोस्तों के साथ गया था स्विमिंग पूल

मृतक की पहचान कपिल शर्मा पुत्र देवी शरण शर्मा निवासी बुलंदशहर (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। वह वर्तमान में दिनेशपुर के धर्मपुर क्षेत्र में रहकर एक फाइबर कंपनी में काम करते थे। बताया जा रहा है कि शनिवार देर शाम करीब 8:30 बजे कपिल अपने दोस्तों के साथ स्विमिंग पूल में नहाने गए थे। इसी दौरान उनकी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई।

परिजनों में मचा कोहराम

घटना की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे। कपिल को मृत अवस्था में देखकर परिवार में कोहराम मच गया। मृतक परिवार में तीन भाइयों और दो बहनों में सबसे छोटे थे। उनके असामयिक निधन से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

घटना की सूचना पर प्रभारी निरीक्षक रविंद्र सिंह बिष्ट पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर शव को कब्जे में लिया और पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। साथ ही घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। युवक के साथ मौजूद दोस्तों से भी पूछताछ की जा रही है।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट से होगा मौत का खुलासा

पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही यह साफ हो सकेगा कि युवक की मौत डूबने, किसी स्वास्थ्य संबंधी समस्या या किसी अन्य कारण से हुई। फिलहाल सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच की जा रही है।

Adil Rao

एडिटर इन चीफ

Adil Rao

एडिटर इन चीफ

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!