रामनगर के लग्जरी रिसॉर्ट में हाई-प्रोफाइल सेक्स रैकेट का भंडाफोड़, 51 गिरफ्तार; 10 महिलाएं मुक्त, रिसॉर्ट सील

रामनगर: नैनीताल पुलिस ने जिले में अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई करते हुए रामनगर स्थित एक लग्जरी रिसॉर्ट में चल रहे कथित हाई-प्रोफाइल देह व्यापार और अश्लील पार्टी का भंडाफोड़ किया है। संयुक्त छापेमारी के दौरान पुलिस ने 51 आरोपियों को गिरफ्तार किया, एक विधि-विवादित किशोर को संरक्षण में लिया तथा 10 महिलाओं को मुक्त कराया, जिनमें एक नाबालिग भी शामिल है। कार्रवाई के बाद प्रशासन ने रिसॉर्ट को सील कर दिया है।

SSP के निर्देश पर हुई संयुक्त कार्रवाई
यह कार्रवाई एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट (AHTU), एसओजी और रामनगर पुलिस की संयुक्त टीम ने की। पुलिस को 4 जुलाई को गोपनीय सूचना मिली थी कि रिसॉर्ट में अनैतिक गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। सूचना के आधार पर टीम ने मौके पर छापेमारी की।
अश्लील पार्टी और देह व्यापार का खुलासा
पुलिस के अनुसार, रिसॉर्ट में बड़ी संख्या में लोग कथित तौर पर देह व्यापार, शराब पार्टी, महिलाओं से अश्लील डांस करवाने और उन पर नोट उड़ाने जैसी गतिविधियों में शामिल मिले। मौके से 10 महिलाओं को सुरक्षित निकाला गया, जिनमें एक नाबालिग भी शामिल थी।
दो दिन के लिए बुक किया गया था रिसॉर्ट
प्रारंभिक पूछताछ में मुख्य आरोपी उमेन्द्र कुमार ने बताया कि उसने अपनी कंपनी से जुड़े लोगों के लिए पार्टी आयोजित की थी। जांच में सामने आया कि रिसॉर्ट को दो दिनों के लिए करीब 2.20 लाख रुपये में बुक किया गया था। पुलिस के मुताबिक महिलाओं की व्यवस्था कथित तौर पर प्रति महिला 10 हजार रुपये के हिसाब से कराई गई थी।
रजिस्टर में नहीं दर्ज किए गए मेहमान
जांच में यह भी सामने आया कि रिसॉर्ट प्रबंधन ने होटल स्टाफ को पार्टी में आने वाले लोगों और महिलाओं का विवरण विजिटर रजिस्टर में दर्ज नहीं करने के निर्देश दिए थे, ताकि गतिविधियों का कोई रिकॉर्ड न रहे।
रिसॉर्ट सील, जीएम फरार
अनैतिक गतिविधियों के आरोपों के बाद प्रशासन ने रिसॉर्ट को सील कर दिया है। वहीं रिसॉर्ट का जनरल मैनेजर लखेन्द्र चौधरी फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।
छापेमारी में बरामद हुआ सामान
पुलिस ने मौके से बड़ी मात्रा में शराब, बीयर, साउंड सिस्टम, लैपटॉप, मोबाइल फोन, कथित आपत्तिजनक सामग्री और नोट उड़ाने के लिए इस्तेमाल किए गए 10 रुपये के नोटों की गड्डियां बरामद की हैं। जब्त किए गए मोबाइल और अन्य डिजिटल उपकरणों की फोरेंसिक जांच कराई जाएगी।
कई धाराओं में मुकदमा दर्ज
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS), अनैतिक देह व्यापार (निवारण) अधिनियम, पॉक्सो अधिनियम, आबकारी अधिनियम और किशोर न्याय अधिनियम की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस टीम को मिला पुरस्कार
इस सफल कार्रवाई पर एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने अभियान में शामिल पुलिस टीम को 2,500 रुपये के नगद पुरस्कार से सम्मानित किया। पुलिस ने कहा कि जनपद में मानव तस्करी, देह व्यापार और अन्य अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। नागरिकों से भी किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की गई है।



