उत्तराखंड

चलती इलेक्ट्रिक स्कूटी में लगी भीषण आग, युवक ने कूदकर बचाई जान

Listen to this article

रुड़की: हरिद्वार जिले के रुड़की में मंगलवार सुबह एक बड़ा हादसा टल गया, जब सड़क पर दौड़ रही एक इलेक्ट्रिक स्कूटी में अचानक आग लग गई। स्कूटी चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए समय रहते वाहन से छलांग लगा दी, जिससे उसकी जान बच गई। हालांकि देखते ही देखते स्कूटी आग की लपटों में घिर गई और पूरी तरह जलकर राख हो गई।

 

जानकारी के अनुसार, शक्ति विहार कॉलोनी निवासी आशु कुमार मंगलवार सुबह अपनी इलेक्ट्रिक स्कूटी से ड्यूटी पर जा रहे थे। रेलवे स्टेशन के पास अनमोल मेडिकल स्टोर के सामने पहुंचते ही स्कूटी से अचानक धुआं निकलने लगा। कुछ ही क्षणों में स्कूटी में आग लग गई।

 

खतरे को भांपते हुए आशु कुमार ने तुरंत स्कूटी से उतरकर अपनी जान बचाई। इसके बाद आग तेजी से फैल गई और पूरी स्कूटी धू-धू कर जलने लगी। घटना के दौरान मौके पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में राहगीर घटनास्थल पर जमा हो गए।

 

गनीमत रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई। हालांकि आग लगने से स्कूटी पूरी तरह जलकर नष्ट हो गई। घटना के कारण कुछ समय के लिए क्षेत्र में लोगों की भीड़ लग गई।

 

गौरतलब है कि रुड़की में वाहनों में आग लगने की यह पहली घटना नहीं है। इससे पहले भी शहर में एक बाइक में आग लगने की घटना सामने आ चुकी है, जिसमें चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए बड़ा हादसा टाल दिया था।

 

फिलहाल स्कूटी में आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। संबंधित एजेंसियां मामले की जांच कर रही हैं।

Adil Rao

एडिटर इन चीफ

Adil Rao

एडिटर इन चीफ

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!