उत्तराखंड

हरिद्वार में नाबालिग से सामूहिक दुष्कर्म, अर्द्धनग्न हालत में भागकर ग्रामीण के घर में छिपी किशोरी

Listen to this article

हरिद्वार : उत्तराखंड के हरिद्वार जिले के पथरी थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहां लक्सर थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली 16 वर्षीय नाबालिग लड़की के साथ जंगल में कुछ युवकों ने सामूहिक दुष्कर्म किया। आरोपियों ने वारदात के बाद किशोरी को जान से मारने का प्रयास भी किया, लेकिन वह किसी तरह उनके चंगुल से बचकर भाग निकली, जिससे उसकी जान बच सकी।

घटना बीते रविवार रात की बताई जा रही है। पीड़िता के परिजनों ने पथरी थाने पहुंचकर पुलिस को लिखित तहरीर दी है। अपनी शिकायत में पीड़िता ने बताया कि रविवार रात वह अपने एक परिचित मित्र के साथ बाइक पर काठा और फूलगढ़ गांव की ओर जा रही थी, तभी गांव से थोड़ी दूरी पर खेतों में सात से आठ युवकों ने उनका पीछा किया और उन दोनों को घेर लिया।

आरोप है कि घेराबंदी करने के बाद आरोपियों ने सबसे पहले पीड़िता के दोस्त की जमकर पिटाई की और उसे वहां से भगा दिया। इसके बाद आरोपियों ने किशोरी के साथ छेड़छाड़ और अश्लील हरकतें करना शुरू कर दिया। आरोपी उसे जबरन उठाकर पास के ही एक खेत में ले गए, जहां एक युवक ने उसके साथ रेप किया। पीड़िता के मुताबिक वारदात के वक्त सभी आरोपी नशे में धुत थे और अन्य लोग भी उसके साथ रेप करने का प्रयास कर रहे थे।

पीड़िता ने बताया कि आरोपी उसे पूरी रात बंधक बनाकर रखने और फिर सुबह होने पर जान से मारने की योजना बना रहे थे। हालांकि, इसी बीच मौका पाकर किशोरी आरोपियों के चंगुल से बच निकली और अर्द्धनग्न हालत में खेतों के रास्ते किसी तरह भाग खड़ी हुई। वह रास्ते में एक ग्रामीण के घर में छिप गई, जहां घर में मौजूद एक महिला ने किशोरी को कपड़े दिए और उससे पूरी जानकारी जुटाई।

उधर किशोरी जब रात तक अपने घर नहीं लौटी, तो उसके परिजन बेहद परेशान हो गए और रातभर उसकी तलाश करते रहे। अगली सुबह तलाश में निकले परिजनों को किशोरी मिली, जिसके बाद उसने रोते हुए अपने परिवार को पूरी आपबीती सुनाई। इसके तुरंत बाद परिजनों ने अज्ञात युवकों के खिलाफ थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई। पथरी थाना प्रभारी रविन्द्र कुमार ने प्राप्त तहरीर के आधार पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है और पुलिस टीमें गठन कर आरोपियों की तलाश में जुट गई हैं।

Adil Rao

एडिटर इन चीफ

Adil Rao

एडिटर इन चीफ

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!