मसूरी-देहरादून मार्ग पर भूस्खलन, मलबा और पेड़ गिरने से हाईवे बंद, दो घंटे बाद बहाल हुआ यातायात

मसूरी: पहाड़ों की रानी मसूरी में लगातार हो रही बारिश एक बार फिर आफत बनकर सामने आई है। मसूरी-देहरादून मार्ग पर पानी वाले बैंड के पास मंगलवार को हुए ताजा भूस्खलन के चलते सड़क पर भारी मात्रा में मलबा और एक विशाल पेड़ गिर गया, जिससे मुख्य मार्ग पूरी तरह बंद हो गया। सड़क बंद होने से दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यात्रियों को घंटों तक जाम में फंसे रहना पड़ा। बुधवार को लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) की टीम ने करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद मार्ग को यातायात के लिए खोल दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार मंगलवार दोपहर बाद अचानक पहाड़ी से पत्थर और मलबा गिरना शुरू हो गया। कुछ ही देर में एक बड़ा पेड़ भी सड़क पर आ गिरा, जिससे यातायात पूरी तरह ठप हो गया। स्थिति को देखते हुए प्रशासन और पुलिस ने सुरक्षा के मद्देनजर तत्काल वाहनों की आवाजाही रोक दी और राहत कार्य शुरू कराया।
मार्ग बंद होने का असर केवल यातायात तक सीमित नहीं रहा। मसूरी के लिए दूध, सब्जियां, दवाइयां और अन्य जरूरी सामान लेकर आने वाले वाहन भी जाम में फंस गए। पर्यटक, स्थानीय लोग, स्कूली बच्चे, बुजुर्ग और मरीजों को भी भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
सूचना मिलते ही पीडब्ल्यूडी की टीम जेसीबी मशीनों के साथ मौके पर पहुंची और सड़क पर गिरे मलबे व पेड़ को हटाने का अभियान शुरू किया। अधिकारियों के अनुसार करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद मार्ग को यातायात के लिए बहाल कर दिया गया।
गौरतलब है कि इसी स्थान पर कुछ दिन पहले भी भारी बारिश के कारण भूस्खलन हुआ था और सड़क क्षतिग्रस्त हो गई थी। मरम्मत और सुरक्षा कार्य के बावजूद एक बार फिर उसी स्थान पर भूस्खलन होने से सड़क की सुरक्षा व्यवस्था और पहाड़ी के स्थायी उपचार पर सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि हर मानसून में इस क्षेत्र का संवेदनशील होना चिंता का विषय है और इसके लिए स्थायी समाधान जरूरी है।
लगातार मार्ग बाधित होने से पर्यटन कारोबार भी प्रभावित हो रहा है। मसूरी आने वाले पर्यटकों को घंटों तक सड़क पर रुकना पड़ रहा है, जबकि स्थानीय व्यापारियों का कहना है कि बार-बार सड़क बंद होने से उनके कारोबार पर भी असर पड़ रहा है।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि मौसम सामान्य होने और मार्ग पूरी तरह सुरक्षित घोषित किए जाने तक अनावश्यक यात्रा से बचें। साथ ही यात्रा पर निकलने से पहले मौसम और यातायात संबंधी ताजा जानकारी अवश्य प्राप्त करें।



