उत्तराखंड में सरकारी नौकरी का बड़ा मौका, UKSSSC ने जारी की 379 पदों की वैकेंसी

देहरादून: उत्तराखंड में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए अच्छी खबर है। उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UKSSSC) ने विभिन्न विभागों में रिक्त 379 पदों पर भर्ती के लिए विज्ञापन जारी कर दिया है। समूह ‘ग’ के अंतर्गत लेखाकार, सहायक लेखाकार, सहायक लेखाकार/कनिष्ठ सम्परीक्षक, कार्यालय सहायक तृतीय (लेखा) और कैशियर कम सहायक लेखाकार सहित कुल 18 पदनामों पर भर्ती की जाएगी।

आयोग द्वारा जारी विज्ञापन के अनुसार इन पदों के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 26 जुलाई 2026 से शुरू होगी। इच्छुक एवं पात्र अभ्यर्थी आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर 15 अगस्त 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। वहीं, भर्ती के लिए लिखित प्रतियोगी परीक्षा की प्रस्तावित तिथि 12 अक्टूबर 2026 निर्धारित की गई है।
21 से 42 वर्ष तक के अभ्यर्थी कर सकेंगे आवेदन
भर्ती के लिए आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों की न्यूनतम आयु 21 वर्ष और अधिकतम आयु 42 वर्ष निर्धारित की गई है। आरक्षित वर्ग के अभ्यर्थियों को नियमानुसार आयु सीमा में छूट प्रदान की जाएगी।
ऑनलाइन आवेदन के लिए ये दस्तावेज होंगे जरूरी
आयोग ने स्पष्ट किया है कि आवेदन प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन होगी। अभ्यर्थियों को आवेदन पत्र भरते समय अपने नाम और जन्मतिथि के सत्यापन के लिए हाईस्कूल का प्रमाणपत्र अपलोड करना अनिवार्य होगा। इसके अलावा आधार कार्ड के दोनों तरफ की स्पष्ट छायाप्रति भी ऑनलाइन आवेदन के साथ अपलोड करनी होगी।
आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध है विज्ञापन
भर्ती से संबंधित विस्तृत विज्ञापन, पदों का विवरण, शैक्षणिक योग्यता, चयन प्रक्रिया और अन्य आवश्यक जानकारी आयोग की आधिकारिक वेबसाइट https://sssc.uk.gov.in/ पर उपलब्ध है। आयोग ने अभ्यर्थियों से आवेदन करने से पहले विज्ञापन का सावधानीपूर्वक अध्ययन करने की अपील की है।
उत्तराखंड में लंबे समय से विभिन्न विभागों में रिक्त पड़े इन पदों पर भर्ती शुरू होने से सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे हजारों युवाओं को राहत मिलने की उम्मीद है।



