मसूरी विधानसभा को 17.80 करोड़ की विकास योजनाओं की सौगात, CM धामी ने किया लोकार्पण-शिलान्यास

देहरादून: मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) की ओर से मसूरी विधानसभा क्षेत्र में करीब 17.80 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का मंगलवार को लोकार्पण और शिलान्यास किया गया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पुरकुल में आयोजित कार्यक्रम में शहीद दीपक पुण्डीर की स्मृति में निर्मित आधुनिक सामुदायिक भवन का लोकार्पण करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार जनभावनाओं और स्थानीय आवश्यकताओं के अनुरूप विकास को प्राथमिकता दे रही है।

मुख्यमंत्री ने लगभग 3.36 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित शहीद दीपक पुण्डीर स्मृति सामुदायिक भवन का लोकार्पण किया। इसके साथ ही सालावाला में सड़क एवं पुस्ता निर्माण, डोभालवाला और विजय कॉलोनी में सड़क एवं नाली निर्माण तथा सालावाला में नए सामुदायिक भवन सहित चार महत्वपूर्ण परियोजनाओं का शिलान्यास भी किया गया। इन विकास कार्यों पर करोड़ों रुपये की लागत आएगी और क्षेत्र की आधारभूत सुविधाओं को नई मजबूती मिलेगी।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में उत्तराखंड विकास के नए दौर में प्रवेश कर रहा है। उन्होंने बताया कि पुरकुल में सैन्य धाम, मसूरी रोपवे के लोअर टर्मिनल तक सड़क का उच्चीकरण, जल जीवन मिशन के तहत पेयजल योजनाओं का विस्तार और पर्यटन से जुड़ी कई परियोजनाओं पर तेजी से काम किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मालदेवता से सुआखोली तक सड़क सुदृढ़ीकरण, सहस्त्रधारा क्षेत्र में बाढ़ सुरक्षा कार्य, न्यू कैंट रोड की सुरक्षा परियोजनाएं और ग्रामीण क्षेत्रों में विद्युतीकरण जैसे कार्य भी तेजी से आगे बढ़ रहे हैं। उनका कहना था कि सरकार का उद्देश्य मसूरी विधानसभा क्षेत्र को सुरक्षित, आधुनिक और बेहतर आधारभूत सुविधाओं से युक्त बनाना है।
मुख्यमंत्री ने राज्य सरकार की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि समान नागरिक संहिता, धर्मांतरण विरोधी कानून, नकल विरोधी कानून और पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया जैसे फैसलों के साथ विकास और सुशासन को समान प्राथमिकता दी जा रही है। उन्होंने स्टार्टअप नीति, हाउस ऑफ हिमालयाज, होमस्टे, मेड इन उत्तराखंड और स्वरोजगार योजनाओं को भी राज्य की विकास यात्रा का महत्वपूर्ण हिस्सा बताया।
कैबिनेट मंत्री एवं मसूरी विधायक गणेश जोशी ने कहा कि एमडीडीए की विकास परियोजनाओं से स्थानीय नागरिकों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और मसूरी विधानसभा का संतुलित एवं नियोजित विकास सुनिश्चित होगा।
एमडीडीए के उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने कहा कि प्राधिकरण गुणवत्ता, पारदर्शिता और समयबद्ध तरीके से विकास कार्यों को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है। सड़क, नाली, सामुदायिक भवन और अन्य आधारभूत सुविधाओं से जुड़ी परियोजनाएं क्षेत्र के लोगों के जीवन को अधिक सुगम बनाएंगी।
कार्यक्रम में शहीद दीपक पुण्डीर के परिजनों, जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों तथा बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों ने भाग लिया।



