हेमकुंड साहिब यात्रा को लेकर बड़ा अपडेट, 10 अक्टूबर को बंद होंगे कपाट

चमोली: उत्तराखंड के प्रसिद्ध सिख तीर्थस्थल हेमकुंड साहिब के कपाट इस वर्ष 10 अक्टूबर 2026 को बंद कर दिए जाएंगे। हेमकुंड साहिब मैनेजमेंट ट्रस्ट के अध्यक्ष नरेंद्र जीत सिंह बिंद्रा ने यात्रा की समापन तिथि की जानकारी देते हुए श्रद्धालुओं से निर्धारित तिथि से पहले अपनी यात्रा पूरी करने की अपील की है।
23 मई को खुले थे कपाट
हेमकुंड साहिब की इस वर्ष की यात्रा का शुभारंभ 23 मई 2026 को विधि-विधान के साथ हुआ था। कपाट खुलने के बाद से देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु हेमकुंड साहिब पहुंच रहे हैं।
ट्रस्ट के अनुसार, अब तक 2 लाख 38 हजार से अधिक श्रद्धालु पवित्र धाम के दर्शन कर चुके हैं। यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं में लगातार उत्साह बना हुआ है।
10 अक्टूबर को होगी यात्रा की औपचारिक समाप्ति
ट्रस्ट अध्यक्ष नरेंद्र जीत सिंह बिंद्रा ने बताया कि 10 अक्टूबर को हेमकुंड साहिब के कपाट बंद होने के साथ इस वर्ष की यात्रा औपचारिक रूप से समाप्त हो जाएगी। उन्होंने श्रद्धालुओं से अपील की कि वे मौसम और यात्रा की परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए निर्धारित तिथि से पहले दर्शन कर अपनी यात्रा पूरी कर लें।
हेमकुंड साहिब समुद्र तल से करीब 15,200 फीट की ऊंचाई पर स्थित है। ऊंचाई वाले क्षेत्र में मौसम तेजी से बदलता है, ऐसे में यात्रा के अंतिम चरण में श्रद्धालुओं को प्रशासन और गुरुद्वारा प्रबंधन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की सलाह दी जाती है।



