हरिद्वार विधानसभा सीट पर भाजपा में टिकट की दौड़ तेज, 9 नेताओं ने पेश की दावेदारी

हरिद्वार। उत्तराखंड में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा के भीतर सियासी गतिविधियां तेज होने लगी हैं। चुनाव में अभी वक्त बाकी है, लेकिन टिकट की दावेदारी को लेकर नेताओं ने अभी से अपनी सक्रियता बढ़ा दी है। इसी क्रम में हरिद्वार के डामकोठी में भाजपा के पूर्व राज्यसभा सांसद एवं चुनाव पर्यवेक्षक नरेश बंसल ने हरिद्वार विधानसभा क्षेत्र की राजनीतिक स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने संभावित प्रत्याशियों, पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर चुनावी तैयारियों का फीडबैक लिया।
बैठक के दौरान कई नेताओं ने हरिद्वार विधानसभा सीट से टिकट के लिए अपनी दावेदारी पेश की और नरेश बंसल को अपना बायोडाटा सौंपा। पूर्व मेयर मनोज गर्ग, डॉ. विशाल गर्ग, कन्हैया खेवड़िया, उज्ज्वल पंडित, दर्जाधारी राज्यमंत्री नितिन गौतम, अनिल अरोड़ा और संजय सहगल समेत कई नेताओं के नाम दावेदारों में सामने आए। सात नेताओं ने नरेश बंसल के सामने व्यक्तिगत रूप से अपनी दावेदारी रखी।
मदन कौशिक और आशुतोष शर्मा भी चर्चा में
हरिद्वार विधानसभा सीट से मौजूदा विधायक और कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक भी पर्यवेक्षक नरेश बंसल से मुलाकात करने डामकोठी पहुंचे। भाजपा जिलाध्यक्ष आशुतोष शर्मा भी पहले अपनी दावेदारी जता चुके हैं। हालांकि, मदन कौशिक और आशुतोष शर्मा ने नरेश बंसल को बायोडाटा नहीं सौंपा। इस तरह हरिद्वार विधानसभा सीट पर कुल नौ नेताओं की दावेदारी सामने आई है।
कन्हैया खेवड़िया समर्थकों के साथ पहुंचे
दावेदारी के बीच भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य कन्हैया खेवड़िया की मौजूदगी सबसे अधिक चर्चा में रही। वह समर्थकों के साथ डामकोठी पहुंचे और अपना बायोडाटा पर्यवेक्षक को सौंपा। उन्होंने संगठन में लंबे समय से किए जा रहे कार्यों और क्षेत्र में अपनी राजनीतिक सक्रियता का ब्यौरा भी रखा। समर्थकों की मौजूदगी के जरिए उन्होंने पार्टी नेतृत्व के सामने अपनी दावेदारी को मजबूती से रखने की कोशिश की।
मनोज गर्ग ने हरिद्वार और रानीपुर दोनों सीटों से मांगा टिकट
भाजपा के पूर्व मेयर मनोज गर्ग ने आगामी विधानसभा चुनाव में हरिद्वार के साथ रानीपुर सीट से भी चुनाव लड़ने की इच्छा जताई है। उन्होंने नरेश बंसल के सामने दोनों विधानसभा क्षेत्रों से अपनी दावेदारी पेश की। मनोज गर्ग ने कहा कि मेयर रहते हुए जिन योजनाओं को वह धरातल पर नहीं उतार पाए, उन्हें विधायक बनकर क्रियान्वित करना चाहते हैं। हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि पार्टी जिसे टिकट देगी, वह उसके साथ खड़े नजर आएंगे।
तीर्थ पुरोहित समाज के नेताओं की भी दावेदारी
हरिद्वार विधानसभा सीट से टिकट मांगने वालों में तीर्थ पुरोहित समाज से जुड़े कई नेता भी शामिल हैं। इनमें उज्ज्वल पंडित, दर्जाधारी राज्यमंत्री नितिन गौतम, कन्हैया खेवड़िया और जिलाध्यक्ष आशुतोष शर्मा के नाम चर्चा में हैं। हालांकि, आशुतोष शर्मा ने इस बार पर्यवेक्षक को बायोडाटा नहीं सौंपा है। समाज से जुड़े नेताओं की दावेदारी भी पार्टी के टिकट चयन को लेकर चर्चा का विषय बनी हुई है।
हरिद्वार ग्रामीण सीट से संत राम मुनि महाराज ने मांगा टिकट
हरिद्वार विधानसभा सीट पर दावेदारों के बीच संत समाज से भी चुनाव लड़ने की इच्छा सामने आई है। महामंडलेश्वर राम मुनि महाराज ने हरिद्वार ग्रामीण विधानसभा सीट से भाजपा के टिकट पर चुनाव लड़ने की दावेदारी पेश की है। उन्होंने पर्यवेक्षक नरेश बंसल से संपर्क कर अपनी इच्छा जताई।
राम मुनि महाराज ने बताया कि उनके गुरु जगदीश मुनि महाराज पूर्व में दो बार हरिद्वार से विधायक रह चुके हैं। उन्होंने कहा कि गुरु के बताए रास्ते पर चलते हुए वह हरिद्वार ग्रामीण विधानसभा सीट से मजबूती के साथ चुनाव लड़ेंगे और जीतेंगे।
हर विधानसभा सीट पर चुनावी तैयारियों का आकलन
बैठक में नरेश बंसल ने नेताओं और कार्यकर्ताओं से विधानसभा क्षेत्र में संगठन की स्थिति, नेताओं की सक्रियता और पिछले विधानसभा चुनावों के प्रदर्शन को लेकर चर्चा की। इसके साथ ही आगामी चुनाव में पार्टी किन मुद्दों को लेकर जनता के बीच जा सकती है और किन संभावित प्रत्याशियों की क्षेत्र में बेहतर पकड़ है, इसकी भी जानकारी ली गई।
नरेश बंसल ने कहा कि भाजपा प्रदेश में चुनावी मोड में आ गई है। हर विधानसभा क्षेत्र में बैठक कर चुनावी स्थिति का विश्लेषण किया जा रहा है। हरिद्वार विधानसभा सीट पर कई नेताओं ने दावेदारी पेश की है, जो लोकतंत्र में सभी का अधिकार है। इस पर मंथन किया जाएगा। उन्होंने दावा किया कि इस बार भाजपा पूरे प्रदेश में बेहतर प्रदर्शन करेगी और तीसरी बार सरकार बनाएगी।


