Breakingउत्तराखंडकुमाऊँगढ़वालदेहरादून
Trending

जलभराव हो या जाम—डीएम का एक्शन ऑन स्पॉट, अवैध पार्किंग पर कार्रवाई और जलभराव पर 24 घंटे का अल्टीमेटम

Listen to this article

 

देहरादून

बारिश के चलते देहरादून शहर में जलभराव की समस्या को लेकर जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने मंगलवार को आईटीबीपी रोड और सीमाद्वार क्षेत्र का औचक निरीक्षण कर जलभराव की स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने स्थानीय लोगों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को तत्काल राहत के साथ-साथ स्थायी समाधान के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान क्षेत्रीय विधायक सविता कपूर भी मौजूद रहीं।

डीएम ने नगर निगम को 24 घंटे के भीतर सड़क किनारे नालियों में जमा मलबे और कूड़े की सफाई कराने तथा डिवाटरिंग पंप के माध्यम से जलभराव वाले स्थानों से पानी निकालने के निर्देश दिए। वहीं, लोक निर्माण विभाग को सड़क पर यातायात सुचारू बनाए रखने के लिए तत्काल आवश्यक कार्रवाई करने को कहा गया।

जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि जलभराव की समस्या का पूर्ण समाधान होने तक पटवारी सीमाद्वार क्षेत्र में ही रहकर स्थिति की लगातार निगरानी करेंगे। डिवाटरिंग कार्यों की मॉनिटरिंग के साथ स्थानीय स्तर पर आने वाली समस्याओं का तत्काल निस्तारण सुनिश्चित किया जाएगा। जलभराव के त्वरित समाधान के लिए डीएम ने मौके पर ही आवश्यक बजट की स्वीकृति भी प्रदान की।

स्थायी समाधान के लिए बनेगी डीपीआर

डीएम ने कहा कि सीमाद्वार में जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा। उन्होंने लोक निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता को क्षेत्र की जलनिकासी व्यवस्था का विस्तृत सर्वे कर स्थायी ड्रेनेज सिस्टम के लिए डीपीआर तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि कार्ययोजना केवल कागजों तक सीमित न रहे, बल्कि उसका तेजी से क्रियान्वयन भी सुनिश्चित किया जाए।

न्यूकैंट रोड पर अवैध पार्किंग और अतिक्रमण पर कार्रवाई

इसके बाद जिलाधिकारी ने न्यूकैंट रोड पर यातायात व्यवस्था का भी औचक निरीक्षण किया। सेंट्रियो मॉल क्षेत्र में सड़क के दोनों ओर अवैध रूप से खड़े चौपहिया और दोपहिया वाहनों को देखकर डीएम ने नाराजगी जताई। उनके निर्देश पर पुलिस ने मौके पर ही अवैध रूप से पार्क किए गए वाहनों के दर्जनों चालान किए।

डीएम ने सड़क किनारे संचालित अवैध फड़-फेरी और अस्थायी दुकानों को तत्काल हटाने तथा नो-पार्किंग के स्पष्ट संकेतक बोर्ड लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सड़क पर अतिक्रमण और अवैध पार्किंग के कारण यातायात व्यवस्था बाधित नहीं होनी चाहिए।

न्यूकैंट रोड के चौड़ीकरण के लिए होगा सर्वे

जिलाधिकारी ने लोक निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता को न्यूकैंट रोड के चौड़ीकरण के लिए तत्काल विस्तृत सर्वे कराने के निर्देश दिए। उन्होंने सड़क चौड़ीकरण में बाधक पुलिस चेकपोस्ट और अन्य संरचनाओं को आवश्यकतानुसार शिफ्ट करने की कार्रवाई करने को कहा, ताकि क्षेत्र में बढ़ती यातायात समस्या का स्थायी समाधान किया जा सके।

डीएम ने अधिकारियों को स्पष्ट चेतावनी दी कि अतिक्रमण, अवैध पार्किंग और यातायात व्यवस्था में बाधा किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय से अभियान चलाकर कार्रवाई करने और यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान उप जिलाधिकारी सदर अपूर्वा सिंह, अधीक्षण अभियंता लोनिवि ओपी सिंह, तहसीलदार सुरेंद्र देव सहित पुलिस, नगर निगम और संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Faizan Khan Faizy Editorial Advisor

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!