देहरादून, 18 अगस्त 2026। कोतवाली डालनवाला क्षेत्र में सेंट्रियो मॉल के सामने मंगलवार को उस समय बड़ा हादसा हो गया, जब सर्वे ऑफ इंडिया की दीवार अचानक भरभराकर ढह गई। दीवार के मलबे की चपेट में आने से वहां बैठे 26 वर्षीय युवक सचिन गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार विजय कॉलोनी निवासी विनोद (53) वहां चाय का ठेला लगाते हैं। इसी दौरान सचिन (26) पुत्र बलबीर सिंह, निवासी ग्राम रतौली, टिहरी गढ़वाल भी मौके पर बैठा हुआ था। बताया जा रहा है कि सचिन पासपोर्ट बनवाने के सिलसिले में देहरादून आया था और इंतजार करते हुए वहां बैठा था।


इसी बीच अचानक सर्वे ऑफ इंडिया की दीवार भरभराकर गिर गई। सचिन कुछ समझ पाता, उससे पहले ही वह मलबे के नीचे दब गया। हादसे में उसका बायां पैर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही हाथीबड़कला पुलिस चौकी और थाना डालनवाला पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिसकर्मियों ने बिना देर किए राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया और मलबे में दबे सचिन को बाहर निकाला। इसके बाद 108 एंबुलेंस की मदद से घायल को उपचार के लिए दून अस्पताल भेजा गया, जहां उसका उपचार चल रहा है।
मौके पर इंस्पेक्टर डालनवाला नरेंद्र सिंह गहलावत, चौकी प्रभारी हाथीबड़कला सतवीर भंडारी और एसआई विकेंद्र चौधरी मौजूद रहे। पुलिस टीम ने मौके पर स्थिति को संभालते हुए राहत एवं बचाव कार्य को तेजी से पूरा कराया।
दीवार अचानक गिरने से आसपास मौजूद लोगों में भी दहशत फैल गई। हादसे के बाद दीवार की स्थिति और उसके गिरने के कारणों को लेकर संबंधित स्तर पर जांच की जा रही है। घटना ने शहर में जर्जर और कमजोर निर्माणों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।



