जिला जज के नाम पर साइबर ठगी की कोशिश, फर्जी WhatsApp अकाउंट बनाकर पैसों की मांग

हरिद्वार में साइबर ठगी का हैरान करने वाला मामला सामने आया है। साइबर ठगों ने जिला जज की फोटो लगाकर फर्जी WhatsApp अकाउंट बनाया और उसके जरिए लोगों से पैसों की मांग की। मामला सामने आने के बाद जिला न्यायालय प्रशासन ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने सिडकुल कोतवाली में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी गई तहरीर के अनुसार, अपर जिला जज लक्सर की ओर से कुछ WhatsApp चैट के स्क्रीनशॉट उपलब्ध कराए गए थे। इन चैट में एक WhatsApp अकाउंट पर जिला जज की फोटो लगी हुई थी और इस अकाउंट से लोगों को संदेश भेजकर पैसों की मांग की जा रही थी। जांच में स्पष्ट हुआ कि संबंधित WhatsApp नंबर जिला जज का नहीं है और न ही उनकी ओर से किसी व्यक्ति को इस तरह के संदेश भेजे गए थे।
मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला न्यायालय के मुख्य प्रशासनिक अधिकारी की ओर से पुलिस को तहरीर दी गई। पुलिस को फर्जी WhatsApp चैट के स्क्रीनशॉट और अन्य जानकारी भी उपलब्ध कराई गई है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
अब पुलिस फर्जी WhatsApp अकाउंट बनाने वाले व्यक्ति तक पहुंचने में जुटी है। पुलिस WhatsApp नंबर, चैट और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की जांच कर रही है। इसके साथ ही यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि इस फर्जी अकाउंट के पीछे कौन लोग सक्रिय हैं और कितने लोगों से संपर्क कर पैसों की मांग की गई।
सिडकुल कोतवाली प्रभारी अजय शाह ने बताया कि मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है और आरोपी के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
गौरतलब है कि साइबर ठग अब लोगों का भरोसा जीतने के लिए बड़े अधिकारियों और प्रतिष्ठित व्यक्तियों की फोटो का इस्तेमाल कर रहे हैं। हरिद्वार में इससे पहले पूर्व एसएसपी के नाम और फोटो से फर्जी Facebook अकाउंट बनाकर भी लोगों से पैसों की मांग का मामला सामने आ चुका है। अब जिला जज की फोटो लगाकर फर्जी WhatsApp अकाउंट बनाने की घटना ने साइबर अपराध को लेकर चिंता बढ़ा दी है।



