चमोली के नंदानगर में अचानक टूटी पहाड़ी, दो वाहन मलबे की चपेट में; बाल-बाल बचे लोग

चमोली। नंदानगर में सितेल-सुतोल टैक्सी स्टैंड के पास गुरुवार को अचानक पहाड़ी का एक बड़ा हिस्सा टूटकर सड़क किनारे जा गिरा। पहाड़ी से भारी मलबे और बड़े-बड़े पत्थरों के गिरने से वहां खड़े दो वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। घटना के दौरान मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हालांकि, किसी व्यक्ति के हताहत होने की सूचना नहीं है।
भूस्खलन की तस्वीरें और वीडियो भी सामने आए हैं, जिनमें पहाड़ी से लगातार मलबा और बड़े पत्थर गिरते दिखाई दे रहे हैं। जिस स्थान पर भूस्खलन हुआ, उसके ठीक नीचे सड़क से वाहनों की आवाजाही भी होती है, जिससे खतरा और बढ़ गया है।
नंदानगर के एसआई मनोज भट्ट ने बताया कि सितेल एवं सुतोल टैक्सी स्टैंड के पास अचानक पहाड़ी का बड़ा हिस्सा टूट गया। इसकी चपेट में आने से दो वाहन क्षतिग्रस्त हुए हैं। फिलहाल किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। सुरक्षा को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने स्थानीय लोगों से प्रभावित क्षेत्र और टैक्सी स्टैंड के पास नहीं जाने की अपील की है।
मनोज भट्ट ने बताया कि पहाड़ी से अभी भी लगातार मलबा और बड़े पत्थर गिर रहे हैं। ऐसे में प्रभावित क्षेत्र में आवाजाही करना जोखिम भरा हो सकता है। लोगों से एहतियात बरतने और सुरक्षित दूरी बनाए रखने को कहा गया है।
चमोली में बारिश के दौरान भूस्खलन की घटनाएं लगातार चुनौती बनी रहती हैं। जिले के कई ग्रामीण क्षेत्रों में पहाड़ी दरकने से सड़कें और संपर्क मार्ग प्रभावित होते हैं, जिससे ग्रामीणों को आवाजाही में परेशानी का सामना करना पड़ता है। नंदानगर में टैक्सी स्टैंड के पास हुए ताजा भूस्खलन ने भी बारिश के दौरान संवेदनशील पहाड़ियों और सड़क किनारे सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ा दी है। स्थानीय लोगों ने ऐसे संवेदनशील स्थानों पर समय रहते सुरक्षा उपाय किए जाने की मांग की है।



