टिहरी में बारिश के बीच लैंडस्लाइड, NH-34 समेत कई सड़कें बाधित; प्रशासन अलर्ट

टिहरी गढ़वाल: उत्तराखंड में लगातार हो रही बारिश के बीच पहाड़ी क्षेत्रों में लैंडस्लाइड की घटनाएं बढ़ गई हैं। टिहरी गढ़वाल में मटियाली नगुण, चिन्यालीसौड़ से पहले लैंडस्लाइड होने से चंबा-गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग-34 (NH-34) बाधित हो गया है। मार्ग को सुचारू करने के लिए संबंधित विभाग की ओर से मलबा हटाने का काम किया जा रहा है।
स्टेट हाईवे-77 गुजराडा-रानीपोखरी मार्ग पर भी लैंडस्लाइड होने से आवाजाही बंद हो गई है। मार्ग को खोलने के लिए संबंधित विभाग की टीम प्रयास कर रही है।
वहीं, स्टेट हाईवे-31 देवप्रयाग-गजा-जाजल मोटर मार्ग पर आमपाटा के पास लैंडस्लाइड के कारण मार्ग बाधित हुआ था। हालांकि, अब मार्ग को यातायात के लिए खोल दिया गया है। इसके बावजूद सड़क के अन्य हिस्सों में लगातार मलबा गिरने की घटनाएं सामने आ रही हैं, जिससे यात्रियों के लिए खतरा बना हुआ है।
टिहरी में लगातार बारिश के कारण कई अन्य मार्ग भी प्रभावित हुए हैं। जिला प्रशासन और संबंधित विभाग की टीमें बाधित सड़कों को खोलने में जुटी हैं। प्रशासन ने लोगों से बारिश और लैंडस्लाइड की स्थिति को देखते हुए अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है।
टिहरी जिलाधिकारी नितिका खंडेलवाल ने बताया कि जिले में ऑरेंज अलर्ट है और पिछले दो दिनों से कहीं मध्यम तो कहीं तेज बारिश हो रही है। राष्ट्रीय राजमार्ग पर कई जगह लैंडस्लाइड के कारण मार्ग बाधित हो रहे हैं, जिन्हें खोलने के लिए जेसीबी मशीनें लगाई गई हैं। इसके अलावा पीएमजीएसवाई की चार सड़कें भी बाधित हैं, जिनके लिए वैकल्पिक व्यवस्था की गई है। सड़क को पूरी तरह सुचारू करने में समय लगेगा।
प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि पर्वतीय क्षेत्रों में सफर के दौरान विशेष सावधानी बरतें और सड़क की स्थिति की जानकारी लेने के बाद ही यात्रा करें।



