उत्तराखंड

नैनीताल में मौसम विभाग का ऑरेंज अलर्ट, बच्चों की सुरक्षा के लिए कल स्कूल रहेंगे बंद

Listen to this article

नैनीताल: उत्तराखंड में मानसून के सक्रिय रहने के बीच नैनीताल जिले में भारी बारिश को देखते हुए प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है। मौसम विभाग की ओर से जारी ऑरेंज अलर्ट के मद्देनजर विद्यार्थियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जिले में 2 सितंबर 2026, बुधवार को कक्षा 1 से 12 तक संचालित सभी सरकारी, अर्द्धसरकारी और निजी विद्यालय बंद रखने के आदेश जारी किए गए हैं। इसके साथ ही सभी आंगनबाड़ी केंद्र भी बंद रहेंगे।

जिला मजिस्ट्रेट एवं अध्यक्ष, जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की ओर से जारी आदेश में बताया गया है कि 2 सितंबर को नैनीताल जिले में कई स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। इसके अलावा गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने और कुछ क्षेत्रों में बादल फटने जैसी घटनाओं की आशंका भी जताई गई है।

लगातार बारिश के कारण नदी-नालों और गधेरों में तेज जल प्रवाह, जलभराव, भूस्खलन और सड़क मार्ग बाधित होने का खतरा भी बना हुआ है। ऐसे मौसम में छात्र-छात्राओं की सुरक्षा को देखते हुए प्रशासन ने एक दिन के लिए स्कूल बंद रखने का निर्णय लिया है।

आदेश के तहत 2 सितंबर को जिले के सभी शासकीय, अर्द्धशासकीय एवं निजी विद्यालयों के साथ आंगनबाड़ी केंद्र बंद रहेंगे। हालांकि, नैनीताल शहर क्षेत्र में संचालित ऐसे आवासीय शैक्षणिक संस्थान, जहां विद्यार्थियों के लिए परिसर में ही पढ़ाई और रहने की सुविधा उपलब्ध है, उनके लिए यह आदेश लागू नहीं होगा।

प्रशासन ने संबंधित अधिकारियों को आदेश का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए हैं। भारी बारिश के बीच प्रशासन ने लोगों से भी मौसम की स्थिति को देखते हुए सतर्क रहने की अपील की है।

Adil Rao

एडिटर इन चीफ

Adil Rao

एडिटर इन चीफ

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!