32 दिन से लापता रेशमा बिष्ट का नहीं मिला सुराग, सड़क जाम कर परिजनों-ग्रामीणों का प्रदर्शन

टिहरी: उत्तराखंड के टिहरी गढ़वाल जिले के प्रतापनगर क्षेत्र से रहस्यमयी तरीके से लापता हुई रेशमा बिष्ट का 32 दिन बाद भी कोई सुराग नहीं मिल पाया है। रेशमा की तलाश में पुलिस लगातार सर्च अभियान चला रही है। जंगल से लेकर टिहरी झील और जाखणी नदी क्षेत्र तक खोजबीन की जा चुकी है, ड्रोन की मदद भी ली गई, लेकिन अब तक रेशमा का पता नहीं चल पाया है। एक महीने से अधिक समय बीतने के बाद परिजनों और ग्रामीणों का धैर्य जवाब देने लगा है। इसी के चलते आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने सड़क जाम कर प्रदर्शन किया।
जानकारी के मुताबिक प्रतापनगर क्षेत्र के जांगी गांव निवासी रेशमा बिष्ट 6 अगस्त को अचानक लापता हो गई थीं। उनके गायब होने के बाद परिजनों ने अपने स्तर पर उनकी तलाश शुरू की। आसपास के क्षेत्रों, जंगलों और संभावित स्थानों पर खोजबीन के बावजूद जब रेशमा का कोई पता नहीं चला तो 7 अगस्त को थाना लंबगांव में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई गई।
गुमशुदगी दर्ज होने के बाद पुलिस के साथ-साथ परिजनों और ग्रामीणों ने भी रेशमा की तलाश जारी रखी। मामले को गंभीरता से लेते हुए टिहरी पुलिस ने संभावित स्थानों पर व्यापक सर्च अभियान चलाया। पुलिस टीमों ने जंगलों के अलावा टिहरी झील और जाखणी नदी क्षेत्र में भी खोजबीन की। इसके साथ ही ड्रोन की मदद से भी सर्च ऑपरेशन चलाया गया, लेकिन अभी तक कोई ठोस सुराग हाथ नहीं लगा है।
रेशमा के लापता हुए 32 दिन बीत जाने के बाद भी उसका पता नहीं चलने से परिजनों और ग्रामीणों में आक्रोश बढ़ता गया। ग्रामीणों का कहना है कि इतने लंबे समय से तलाश किए जाने के बावजूद रेशमा का कोई पता नहीं चलना चिंता का विषय है। इसी को लेकर ग्रामीण और परिजन सड़क पर उतर आए और जाम लगाकर प्रदर्शन किया।
सड़क जाम की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और प्रदर्शन कर रहे लोगों को समझाने का प्रयास किया। इस दौरान पुलिस और ग्रामीणों के बीच काफी देर तक गहमा-गहमी रही। तीखी नोकझोंक की स्थिति भी बनी। पुलिस ने लोगों को आश्वस्त किया कि रेशमा की तलाश में हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं और सर्च अभियान लगातार जारी है।
परिजनों की मांग है कि रेशमा की तलाश के लिए सर्च अभियान को और व्यापक किया जाए और उसे जल्द से जल्द खोजा जाए। परिवार का कहना है कि 32 दिन से रेशमा के बारे में कोई जानकारी नहीं मिलने के कारण वे लगातार चिंता में हैं।
बताया गया है कि रेशमा की शादी करीब चार साल पहले प्रतापनगर क्षेत्र के जणगी गांव निवासी नवीन बिष्ट से हुई थी। शादी के बाद उनका एक बेटा भी हुआ, जिसकी उम्र करीब चार साल बताई गई है। रेशमा के पति नवीन विदेश में नौकरी करते हैं। परिजनों के मुताबिक नवीन करीब 28 महीने बाद छुट्टी पर अपने घर लौटे थे। उनके घर लौटने के करीब चार दिन बाद ही 6 अगस्त को रेशमा रहस्यमयी तरीके से लापता हो गईं।
वहीं, रेशमा के मायके पक्ष की ओर से उनकी ससुराल को लेकर कुछ गंभीर आरोप भी लगाए गए हैं। हालांकि इन आरोपों की पुष्टि अभी नहीं हुई है। पुलिस रेशमा की तलाश के साथ ही मामले से जुड़े सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच और सर्च अभियान आगे बढ़ा रही है।



