उत्तराखंड

नवरात्रि से पहले लक्सर में खाद्य विभाग की छापेमारी, कुट्टू के आटे के नमूने जांच को भेजे

Listen to this article

लक्सर। आगामी त्योहारी सीजन को देखते हुए खाद्य सुरक्षा विभाग ने लक्सर में खाद्य प्रतिष्ठानों पर छापेमारी और निरीक्षण अभियान शुरू कर दिया है। विभाग की टीम ने नगर के विभिन्न इलाकों में आटा सप्लायरों, थोक विक्रेताओं और प्रोविजन स्टोरों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान कुट्टू के आटे के दो और सेंधा नमक का एक नमूना जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया। वहीं, दो प्रतिष्ठानों पर एक्सपायरी कोल्ड ड्रिंक और फंगस लगा आटा मिलने पर उन्हें मौके पर ही नष्ट कराया गया।

आगामी नवरात्रि, दशहरा और दीपावली समेत अन्य त्योहारों के दौरान खाद्य पदार्थों की मांग बढ़ने के मद्देनजर विभाग की ओर से यह कार्रवाई की गई। खाद्य सुरक्षा आयुक्त उत्तराखंड विनय शंकर पांडे और जिलाधिकारी हरिद्वार मयूर दीक्षित के निर्देश पर तहसीलदार लक्सर दीवान सिंह राणा और वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी दिलीप जैन के संयुक्त नेतृत्व में टीम ने कई प्रतिष्ठानों की जांच की।

टीम ने गोवर्धनपुर रोड, रुड़की तिराहा, सोसायटी रोड, पुरकाजी रोड और बसेड़ी रोड स्थित दुकानों, गोदामों और विक्रय स्थलों का निरीक्षण किया। इस दौरान नवरात्रि में इस्तेमाल होने वाले कुट्टू के आटे के दो नमूने और सेंधा नमक का एक नमूना लिया गया। सभी नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिया गया है।

छापेमारी के दौरान बसेड़ी रोड स्थित एक खाद्य प्रतिष्ठान पर कोल्ड ड्रिंक की 55 बोतलें एक्सपायरी तिथि की मिलीं। खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने इन्हें मौके पर ही हटवाकर नष्ट करा दिया। इसके अलावा गोवर्धनपुर रोड स्थित एक प्रोविजन स्टोर में मल्टीग्रेन आटा फंगस और कीड़े लगा हुआ पाया गया। टीम ने इस आटे को भी मौके पर ही नष्ट कराया।

विभाग के अनुसार, दोनों दुकानदारों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत न्यायालय में मुकदमा दायर करने की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी दिलीप जैन ने दुकानदारों को कुट्टू के आटे की बिक्री को लेकर विशेष सावधानी बरतने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि किसी भी दुकान पर बिना निर्माण तिथि और एक्सपायरी तिथि वाला कुट्टू का आटा नहीं होना चाहिए। जांच के दौरान ऐसा सामान मिलने पर संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने व्यापारियों से अपील की कि वे अपनी दुकानों पर एक्सपायरी या खराब खाद्य सामग्री न रखें। ऐसी सामग्री मिलने पर उसे तत्काल हटाकर नष्ट कर दें। दोबारा जांच में एक्सपायरी या खराब खाद्य सामग्री मिलने पर जुर्माने के साथ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

खाद्य सुरक्षा विभाग की इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र के व्यापारियों में हड़कंप मचा हुआ है। कई दुकानदारों ने अपनी दुकानों में रखे एक्सपायरी सामान को हटाना शुरू कर दिया है।

Adil Rao

एडिटर इन चीफ

Adil Rao

एडिटर इन चीफ

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!