उत्तराखंड

रोडवेज कर्मचारियों की हड़ताल स्थगित, 4 नवंबर तक मिलेगा अगस्त का वेतन और दीपावली बोनस

Listen to this article

देहरादून। उत्तराखंड परिवहन निगम के कर्मचारियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल फिलहाल स्थगित हो गई है। 30 अक्टूबर से अपनी मांगों को लेकर हड़ताल पर डटे कर्मचारियों और सरकार के बीच शनिवार को हुई बैठक में कई मांगों पर सहमति बनी। परिवहन मंत्री प्रदीप बत्रा की अध्यक्षता में हुई बैठक में विभागीय अधिकारियों और रोडवेज कर्मचारी संगठनों के प्रतिनिधियों ने वेतन भुगतान, बोनस, समान काम-समान वेतन और बसों के बेड़े के विस्तार सहित विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की।

बैठक में सहमति बनी कि निगम कर्मचारियों को 4 नवंबर तक अगस्त महीने का वेतन दीपावली बोनस सहित जारी कर दिया जाएगा। वहीं, सितंबर महीने के वेतन का भुगतान नवंबर के अंत तक करने का आश्वासन दिया गया। इन फैसलों के बाद उत्तरांचल रोडवेज कर्मचारी यूनियन ने अपनी अनिश्चितकालीन हड़ताल को एक दिसंबर तक स्थगित करने का निर्णय लिया है।

हर महीने की 7 तारीख को वेतन देने की मांग

बैठक के दौरान कर्मचारियों ने बताया कि पिछले तीन महीने से उन्हें वेतन नहीं मिला है। उन्होंने हर महीने की सात तारीख तक वेतन भुगतान सुनिश्चित करने की मांग उठाई। इस पर निर्णय लिया गया कि वेतन भुगतान की समस्या के स्थायी समाधान की दिशा में काम किया जाएगा। फिलहाल अगस्त का वेतन और बोनस 4 नवंबर तक तथा सितंबर का वेतन नवंबर के अंत तक देने पर सहमति बनी है।

बैठक में निशुल्क यात्रा योजनाओं के भुगतान में देरी का मुद्दा भी उठा। परिवहन निगम की बसों में छात्रों, बुजुर्गों और अन्य पात्र लोगों को निशुल्क यात्रा की सुविधा दी जाती है। इसके बदले शासन से निगम को धनराशि मिलती है, लेकिन भुगतान मिलने में करीब दो महीने का समय लग जाता है। इससे निगम की वित्तीय स्थिति पर असर पड़ता है।

परिवहन विभाग के सचिव ने बताया कि निगम पर करोड़ों रुपये की पुरानी देनदारियां हैं। इनके स्थायी समाधान के लिए वित्त विभाग से बातचीत कर एकमुश्त समाधान निकालने की जरूरत है।

समान काम-समान वेतन के प्रस्ताव पर सहमति

बैठक में संविदा और विशेष श्रेणी के कर्मचारियों को समान काम-समान वेतन देने के मुद्दे पर भी सहमति बनी। इसके लिए प्रस्ताव तैयार कर शासन और निगम बोर्ड को भेजा जाएगा। इसके अलावा नियमित कर्मचारियों की तरह संविदा और विशेष श्रेणी के कर्मचारियों का मानदेय बढ़ाने के प्रस्ताव को भी बोर्ड में लाने पर सहमति बनी।

कर्मचारियों ने निजी बसों को निगम के निर्धारित रूटों पर परमिट दिए जाने का मुद्दा उठाते हुए मांग की कि इन रूटों पर निजी बसों का संचालन नहीं किया जाए। साथ ही निगम के बस बेड़े का विस्तार करने की मांग भी रखी गई, ताकि बसों की संख्या बढ़ने से निगम की आय में इजाफा हो सके।

एक दिसंबर तक स्थगित रहेगी हड़ताल

उत्तरांचल रोडवेज कर्मचारी यूनियन के महामंत्री अशोक चौधरी ने बैठक को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि कर्मचारी संगठनों की मांगों पर सकारात्मक रुख अपनाया गया है। मंत्री की ओर से मांगों को जल्द पूरा करने का आश्वासन दिया गया है। उन्होंने कहा कि निगम की ओर से कार्यक्रम जारी होने के बाद यूनियन उसका अध्ययन करेगी और आगे का निर्णय लेगी। फिलहाल अनिश्चितकालीन हड़ताल को एक दिसंबर तक स्थगित कर दिया गया है।

Adil Rao

एडिटर इन चीफ

Adil Rao

एडिटर इन चीफ

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!