खराब मौसम के बीच हेलीकॉप्टर लापता, बदरीनाथ से देहरादून आ रहे थे छह लोग, तलाश जारी

देहरादून। बदरीनाथ धाम से देहरादून के सहस्रधारा लौट रहा एक हेलीकॉप्टर लापता होने की सूचना है। हेलीकॉप्टर में पायलट समेत छह लोग सवार बताए जा रहे हैं। घटना की जानकारी मिलने के बाद उत्तराखंड नागरिक उड्डयन विकास प्राधिकरण (यूकाडा) और पुलिस की टीमें सक्रिय हो गई हैं। हेलीकॉप्टर की लोकेशन और उसमें सवार लोगों की स्थिति का पता लगाने के लिए तलाश अभियान चलाया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, हेलीकॉप्टर के लापता होने के बाद से पायलट से संपर्क करने की कोशिश की जा रही है, लेकिन अब तक संपर्क स्थापित नहीं हो पाया है। हेलीकॉप्टर की लोकेशन का पता लगाने के लिए ड्रोन की मदद ली जा रही है। खराब मौसम के बीच टीमें खोजबीन में जुटी हुई हैं।
पायलट समेत छह लोग लापता
लापता हेलीकॉप्टर में पायलट कैप्टन हिमांशु के साथ पांच यात्री सवार बताए गए हैं। इनमें प्रताप, अरुण, शंकर गौड़ा, सुधीर के और एचएस नटराज शामिल हैं। फिलहाल हेलीकॉप्टर और उसमें सवार सभी छह लोगों की स्थिति के बारे में कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।



