हाथी दांत गायब होने के मामले में वन विभाग की कार्रवाई, दो रेंजर सस्पेंड

देहरादून। हरिद्वार की लालढांग रेंज के स्टोर से पांच हाथी दांत गायब होने के मामले में वन विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। विभाग ने रेंजर अनुराग जोशी और प्रभारी रेंजर भगवत प्रसाद को निलंबित कर दिया है। डीएफओ हरिद्वार की अध्यक्षता में हुई जांच में रेंजर, प्रभारी रेंजर, फॉरेस्टर और लिपिक की लापरवाही सामने आई थी। जांच रिपोर्ट के आधार पर दोनों रेंजरों के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई की गई है।
दरअसल, लालढांग रेंज के स्टोर में हाथियों के करीब 15 दांत दर्ज होने की जानकारी सामने आई थी। लेकिन मौके पर जांच के दौरान इनमें से केवल करीब 10 दांत ही मिले। शेष पांच हाथी दांत गायब पाए गए। मामला सामने आने के बाद वन विभाग में हड़कंप मच गया था। हाथी दांतों के गायब होने को गंभीर मामला मानते हुए विभागीय जांच शुरू की गई थी। इस संबंध में यमकेश्वर थाने में एफआईआर भी दर्ज कराई गई थी।
रिकॉर्ड और रखरखाव में मिली गंभीर लापरवाही
हाल ही में डीएफओ हरिद्वार की अध्यक्षता में इस प्रकरण की जांच की गई। जांच रिपोर्ट में रेंजर, प्रभारी रेंजर, फॉरेस्टर और लिपिक की लापरवाही सामने आई। रिपोर्ट में स्टोर में रखे हाथी दांतों के रिकॉर्ड, उनकी सुरक्षा और रखरखाव में गंभीर चूक की बात कही गई है। इसी आधार पर अब दो रेंजरों को निलंबित किया गया है।
इस मामले ने वन विभाग की कार्यप्रणाली और वन्यजीवों से जुड़े महत्वपूर्ण साक्ष्यों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। हाथी दांत वन्यजीव अपराधों की जांच के लिहाज से महत्वपूर्ण साक्ष्य होते हैं। ऐसे में विभाग के अपने ही स्टोर से पांच दांतों का गायब होना निगरानी व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है।
हालांकि, मामले में जांच और एफआईआर दर्ज होने के बावजूद गायब हाथी दांतों का पूरा मामला अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है। दांतों का कुल वजन भी अब तक सामने नहीं आया है। सीसीएफ एचआरडी पीके पात्रो ने रेंजर और प्रभारी रेंजर के निलंबन की पुष्टि की है।


