जौलजीबी मेला हंगामा मामले में पुलिस का एक्शन, चार कांग्रेस कार्यकर्ता गिरफ्तार

पिथौरागढ़ में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा जौलजीबी मेले के उद्घाटन के बाद हुए हंगामे और बवाल के आरोप में नामजद कांग्रेस के चार नेताओं को पुलिस ने गिरफ्तार किया। पुलिस ने अलग अलग दबिश देकर यह कार्रवाई की। सभी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया। बता दें कि मामले में कांग्रेस विधायक हरीश धामी के खिलाफ भी मामला दर्ज हुआ है। विधायक ने सीएम के जाने के बाद कार्यक्रम में हंगामा किया। माइक तोड़ा और कुर्सियां फेंकी। भाजपा को चुनौती देते हुए आरोप लगाया कि कार्यक्रम में स्थानीय विधायक को बोलने का मौका नहीं दिया गया
एसपी अक्षय प्रह्लाद कोंडे ने बताया कि विवेचना के दौरान सामने आए साक्ष्यों को देखते हुए कार्रवाई की।
गिरफ्तार लोगों में
राम सिंह रोकाया निवासी सूबा, धारचूला हाल हाटदेवल, सौरभ मर्तोलिया निवासी सिरदांग हाल ग्वालगांव, नृप सिंह निवासी सिनेमा लाइन धारचूला और विक्रम दानू निवासी पथरकोट गैला मुनस्यारी शामिल हैं। पुलिस के मुताबिक साक्ष्यों से छेड़छाड़ रोकने, वादी व गवाहों को डराने-धमकाने या प्रभावित करने की आशंका को खत्म करने और न्यायालय में आरोपियों की उपस्थिति सुनिश्चित करने के उद्देश्य से चारों की गिरफ्तारी जरूरी थी। बता दें कि 14 को मेले के उद्घाटन के बाद हुए विवाद और हंगामे के बाद पुलिस ने अगले दिन धारचूला विधायक हरीश धामी समेत कुल छह नामजद पर मुकदमा दर्ज किया था।
कांग्रेस विधायक धामी के खिलाफ मामला दर्ज
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की मौजूदगी में बोलने का मौका नहीं मिलने से कथित तौर पर नाराज कांग्रेस विधायक हरीश धामी द्वारा मंच पर तोड़फोड़ करने के आरोप में उनके खिलाफ रविवार को मामला दर्ज किया गया। इस घटना को लेकर भाजपा और कांग्रेस के बीच जुबानी जंग भी छिड़ गई। धारचूला से कांग्रेस विधायक हरीश धामी ने भारत-तिब्बत सीमा पर जौलजीबी मेले का उद्घाटन करने के लिए पहुंचे मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के सामने बोलने की अनुमति न दिए जाने से नाराज होकर मंच पर तोड़-फोड़ की थी।
कांग्रेस नेता मानसिक संतुलन खो रहेः धामी
मुख्यमंत्री ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि पार्टी ने अपना जनाधार खो दिया है, जिसके कारण उसके नेता ”मानसिक संतुलन खो रहे हैं।” वहीं, विधायक हरीश धामी ने मुख्यमंत्री को ”डरपोक” बताते हुए उन पर लोगों की आवाज दबाने का आरोप लगाया और भाजपा नेता को उनके खिलाफ चुनाव लड़ने की चुनौती दी। कांग्रेस ने कहा कि वह ”अपने जनप्रतिनिधियों के सम्मान और जनता के अधिकारों की लड़ाई में अपने विधायक के साथ मजबूती से खड़ी है”।
कांग्रेस का पलटवार
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि प्रशासन के जरिए विपक्षी जनप्रतिनिधियों का अपमान किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। मुख्यमंत्री के कार्यक्रम स्थल से चले जाने के बाद विधायक हरीश धामी ने कथित तौर पर मंच पर रखे माइक्रोफोन और कुर्सियां फेंक दी थीं। उन्होंने आरोप लगाया कि जब वह बोल रहे थे, तब उनका माइक बंद कर दिया गया



