
रुड़की। पूर्व प्रधानमंत्री एवं आयरन लेडी के नाम से प्रसिद्ध स्वर्गीय इंदिरा गांधी की जयंती के अवसर पर रुड़की में कांग्रेस सेवादल लीगल सेल के तत्वावधान में अधिवक्ता संवाद एवं विचार संगोष्ठी का आयोजन किया गया। एडवोकेट राव बिलावर के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में अधिवक्ताओं ने इंदिरा गांधी के चित्र पर श्रद्धासुमन अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी। इस दौरान समाज के अंतिम व्यक्ति तक न्याय की पहुंच सुनिश्चित करने और जरूरतमंदों को कानूनी सहायता उपलब्ध कराने का संकल्प लिया गया।

कांग्रेस सेवादल लीगल सेल के राष्ट्रीय अध्यक्ष एडवोकेट संजीव तराच के निर्देशानुसार आयोजित इस संगोष्ठी में अधिवक्ताओं ने आमजन को उनके संवैधानिक एवं कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक करने की आवश्यकता पर विशेष जोर दिया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि वरिष्ठ अधिवक्ता जुबैर अहमद ने कहा कि न्याय प्राप्त करना प्रत्येक नागरिक का अधिकार है और आर्थिक स्थिति किसी भी व्यक्ति के लिए न्याय की राह में बाधा नहीं बननी चाहिए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सेवादल लीगल सेल के माध्यम से विधिक जागरूकता अभियान चलाकर आमजन को कानूनी अधिकारों की जानकारी दी जाएगी। साथ ही जरूरतमंद व्यक्तियों को उचित विधिक सहायता उपलब्ध कराने के लिए अधिवक्ताओं का सहयोग लिया जाएगा।
न्याय अमीर-गरीब का नहीं, हर नागरिक का अधिकार : एडवोकेट राव बिलावर
कार्यक्रम के आयोजक एडवोकेट राव बिलावर ने अपने संबोधन में कहा कि “हमारा संकल्प है कि समाज का कोई भी व्यक्ति जानकारी के अभाव या आर्थिक कमजोरी के कारण न्याय से वंचित न रहे। आमजन को सुलभ न्याय दिलाना और जरूरतमंदों को कानूनी सहयोग प्रदान करना हमारी प्राथमिकता है।”
उन्होंने कहा कि अधिवक्ता समाज के सहयोग से विभिन्न क्षेत्रों में विधिक सहायता एवं जागरूकता शिविर आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों के माध्यम से शिक्षा का अधिकार अधिनियम, सूचना का अधिकार, निःशुल्क विधिक सहायता सहित विभिन्न महत्वपूर्ण कानूनी प्रावधानों की जानकारी आमजन तक पहुंचाई जाएगी।
राव बिलावर ने कहा कि अधिवक्ता केवल अदालतों में मुकदमों की पैरवी करने तक सीमित नहीं हैं, बल्कि समाज को न्याय के प्रति जागरूक करना भी उनकी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि “न्याय केवल संपन्न और प्रभावशाली लोगों तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि गरीब, मजदूर, किसान, महिलाओं और समाज के प्रत्येक जरूरतमंद व्यक्ति तक इसकी पहुंच सुनिश्चित होनी चाहिए।”
विधिक जागरूकता अभियान को जन-जन तक पहुंचाने पर जोर
संगोष्ठी के दौरान अधिवक्ता फरमान त्यागी एवं एनएसयूआई के जिला अध्यक्ष मनीष परमार ने भी अपने विचार व्यक्त किए। वक्ताओं ने कहा कि कानून की जानकारी के अभाव में अनेक लोग अपने अधिकारों का लाभ नहीं उठा पाते। ऐसे में अधिवक्ता समाज की जिम्मेदारी है कि वह लोगों को जागरूक करे और जरूरत पड़ने पर उन्हें उचित कानूनी मार्गदर्शन उपलब्ध कराए।
कार्यक्रम में अधिवक्ता सोनिया, आंचल, मुस्तकीम, राजू आदिल गौर, मुसव्वर अली, तस्लीम खान, राहुल सिंह, कमलेश, नफीस अली, अनस, तोकीर आलम, शादाब अली सहित अनेक अधिवक्ता उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के समापन पर सभी अधिवक्ताओं ने एकजुट होकर विधिक जागरूकता अभियान को मजबूत बनाने और आमजन को न्याय दिलाने की दिशा में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर एडवोकेट राव बिलावर ने दोहराया कि कांग्रेस सेवादल लीगल सेल का उद्देश्य केवल कानूनी जानकारी देना नहीं, बल्कि जरूरतमंद लोगों के लिए न्याय तक पहुंच का मार्ग आसान बनाना है।



