उत्तराखंड

दो साल से बंद ऐतिहासिक झूला पुल पर आखिर चला काम! उत्तरायणी मेले से पहले बागेश्वर को मिलेगी बड़ी सौगात

Listen to this article

दो साल से बंद ऐतिहासिक झूला पुल पर आखिर चला काम! उत्तरायणी मेले से पहले बागेश्वर को मिलेगी ये बड़ी सौगात?पढ़ें पूरी खबर

दो साल से बंद बागेश्वर का ऐतिहासिक झूला पुल फिर भरेगा फर्राटा! नए कलेवर में लौटेगी नगर की पहचान।

उत्तरायणी मेले से पहले पुल तैयार करने का लक्ष्य, निर्माण शुरू होते ही व्यापारियों और आम लोगों में जगी उम्मीद।

बागेश्वर, करीब दो साल से बंद पड़ा सरयू नदी पर बना बागेश्वर का ऐतिहासिक झूला पुल अब नए स्वरूप में नजर आने वाला है। लंबे इंतजार, लगातार उठती मांगों और जनप्रतिनिधियों के प्रयासों के बाद आखिरकार पुल के पुनर्निर्माण का काम शुरू हो गया है। लक्ष्य है कि जनवरी में आयोजित होने वाले ऐतिहासिक उत्तरायणी मेले से पहले पुल बनकर तैयार हो जाए। निर्माण कार्य शुरू होने से स्थानीय व्यापारियों से लेकर आम नागरिकों तक में खुशी की लहर है।

वर्ष 1913 में निर्मित यह पैदल झूला पुल महज आवागमन का रास्ता नहीं, बल्कि बागेश्वर की ऐतिहासिक पहचान का अहम हिस्सा रहा है। करीब एक सदी तक इस पुल से हजारों लोगों की आवाजाही होती रही, लेकिन समय के साथ इसकी हालत बिगड़ती चली गई। सरयू नदी के तेज बहाव और कटाव ने पुल के गार्डरों और दीवारों को कमजोर कर दिया। विशेषज्ञों के निरीक्षण में पुल को असुरक्षित पाए जाने के बाद 20 जुलाई 2023 को इस पर आवाजाही पूरी तरह बंद कर दी गई थी। नगर पालिका ने दोनों ओर टिन की चादरें लगाकर रास्ता भी बंद कर दिया था।

पुल बंद होने के बाद स्थानीय व्यापारियों और आम लोगों की मुश्किलें बढ़ गईं। व्यापार मंडल और व्यापारियों ने कई बार आंदोलन कर इसके पुनर्निर्माण की मांग उठाई। स्थानीय विधायक पार्वती दास, कपकोट विधायक सुरेश गढ़िया, राज्य मंत्री शिव सिंह बिष्ट और पूर्व विधायक बलवंत सिंह भौर्याल सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने भी इस मुद्दे को जिलाधिकारी से लेकर मुख्यमंत्री तक पहुंचाया। आखिरकार लगातार प्रयास रंग लाए और अब पुल के नवनिर्माण की प्रक्रिया धरातल पर दिखाई देने लगी है।

करीब 42 मीटर लंबे इस पुल पर नई डेकिंग यानी टिन की चादरों से पैदल मार्ग तैयार किया जा रहा है। निर्माणकर्ता का प्रयास है कि जनवरी तक काम पूरा कर पुल संबंधित विभाग को सौंप दिया जाए। हालांकि सरयू नदी में पानी का तेज बहाव निर्माण कार्य में चुनौती बना हुआ है।

अब सबकी निगाहें निर्माण की रफ्तार पर टिकी हैं। उत्तरायणी मेला बागेश्वर की सांस्कृतिक और व्यापारिक पहचान का बड़ा आयोजन है। ऐसे में मेले से पहले पुल का तैयार होना स्थानीय व्यापारियों के कारोबार और आम लोगों की आवाजाही के लिए बड़ी राहत साबित हो सकता है।

दो साल से बंद ऐतिहासिक पुल के दोबारा खुलने की उम्मीद ने बागेश्वर में नई उम्मीद जगा दी है। अब सवाल सिर्फ इतना है कि क्या उत्तरायणी मेले से पहले निर्माण पूरा कर प्रशासन जनता को यह सौगात दे पाएगा?

Adil Rao

एडिटर इन चीफ

Adil Rao

एडिटर इन चीफ

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!