खराब मौसम ने बिगाड़ा हवाई यातायात, देहरादून एयरपोर्ट की पांच उड़ानें डायवर्ट

देहरादून। खराब मौसम और कम दृश्यता के चलते देहरादून एयरपोर्ट पर बुधवार को हवाई यातायात बुरी तरह प्रभावित रहा। सुबह से शाम तक विभिन्न शहरों से देहरादून आने वाली पांच उड़ानों को चंडीगढ़, अमृतसर और दिल्ली डायवर्ट करना पड़ा। उड़ानों के डायवर्ट होने और देरी से पहुंचने के कारण यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
सुबह के समय एयरपोर्ट पर विजिबिलिटी घटकर करीब 800 मीटर रह गई थी। कम दृश्यता के कारण कई उड़ानें देहरादून एयरपोर्ट के आसपास आसमान में चक्कर लगाती रहीं। मौसम की स्थिति में सुधार नहीं होने पर इन्हें दूसरे एयरपोर्ट की ओर डायवर्ट किया गया।
सुबह 9:50 बजे दिल्ली से देहरादून आने वाली इंडिगो की फ्लाइट को चंडीगढ़ डायवर्ट किया गया। इसके बाद 9:55 बजे मुंबई से आने वाली एयर इंडिया की फ्लाइट को अमृतसर भेजा गया। वहीं 10:20 बजे दिल्ली से देहरादून आने वाली एयर इंडिया की उड़ान को वापस दिल्ली डायवर्ट करना पड़ा।
इसी तरह 11 बजे मुंबई से देहरादून आने वाली इंडिगो की उड़ान को चंडीगढ़ और 12:50 बजे हैदराबाद से आने वाली फ्लाइट को भी चंडीगढ़ डायवर्ट किया गया।
मौसम में कुछ सुधार होने के बाद डायवर्ट की गई कुछ उड़ानें संबंधित एयरपोर्ट से घंटों की देरी के बाद देहरादून पहुंचीं। इसके चलते इन विमानों की वापसी उड़ानों के समय पर भी असर पड़ा और यात्रियों को एयरपोर्ट पर लंबा इंतजार करना पड़ा। खराब मौसम के कारण पूरे दिन हवाई सेवाओं का संचालन प्रभावित रहा।



