नवरात्र के बीच बागेश्वर के मां भगवती मंदिर में लगी आग, लकड़ी से बने मंदिर को भारी नुकसान

बागेश्वर: उत्तराखंड के बागेश्वर जिले की कपकोट तहसील के दूरस्थ बदियाकोट स्थित मां भगवती मंदिर में नवरात्र के दौरान आग लगने से हड़कंप मच गया। आग से मंदिर के मुख्य ढांचे को भारी नुकसान पहुंचने की सूचना है। लकड़ी से बने मंदिर में आग तेजी से फैल गई, जिससे क्षेत्र के श्रद्धालुओं में चिंता का माहौल है।
बदियाकोट स्थित मां भगवती मंदिर क्षेत्र की धार्मिक आस्था और सांस्कृतिक विरासत का प्रमुख केंद्र रहा है। लकड़ी पर आकर्षक नक्काशी से सुसज्जित इस मंदिर में नवरात्र के दौरान पूजा-अर्चना के लिए श्रद्धालु पहुंचते हैं। ऐसे में पर्व के बीच मंदिर में आग लगने की घटना से स्थानीय लोग व्यथित हैं।
स्थानीय निवासी आन सिंह के अनुसार, मंदिर का ढांचा मुख्य रूप से लकड़ी से बना था। इसी वजह से आग तेजी से फैलने और मंदिर को अधिक नुकसान पहुंचने की आशंका है। मंदिर में बिजली की व्यवस्था थी और पूजा के दौरान दीपक भी जलाए जाते थे। ऐसे में शॉर्ट सर्किट या दीपक से आग लगने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि आग लगने के वास्तविक कारणों की अभी पुष्टि नहीं हुई है।
गौरतलब है कि बदियाकोट कपकोट से करीब 50 किलोमीटर दूर हिमालयी क्षेत्र में स्थित है। दुर्गम भौगोलिक परिस्थितियों के कारण यहां अग्निशमन सेवाओं की उपलब्धता नहीं है, जिससे आग जैसी घटनाओं में राहत कार्य चुनौतीपूर्ण हो सकता है।
फिलहाल मंदिर को हुए नुकसान का आकलन और आग लगने के कारणों की पुष्टि होना बाकी है। नवरात्र के बीच क्षेत्र के प्रमुख आस्था केंद्र में आग लगने की घटना से स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं में चिंता बनी हुई है।



