उत्तराखंड

भरसार विश्वविद्यालय में छात्रा की मौत के बाद छात्रों का प्रदर्शन, स्वास्थ्य सुविधाओं पर उठे सवाल

Listen to this article

पौड़ी गढ़वाल: वीर चंद्र सिंह गढ़वाली उत्तराखंड औद्यानिकी एवं वानिकी विश्वविद्यालय, भरसार की छात्रा की मौत के मामले में विश्वविद्यालय प्रशासन ने जांच समिति का गठन किया है। कुलसचिव की ओर से गठित समिति मामले की जांच कर 15 दिनों के भीतर अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत करेगी। घटना के बाद आक्रोशित छात्रों ने विश्वविद्यालय प्रशासन के सामने स्वास्थ्य सुविधाओं समेत कई मांगें रखीं, जिन पर प्रशासन ने विचार और कार्रवाई का आश्वासन दिया है।

छात्रों ने विश्वविद्यालय प्रशासन पर परिसर में स्वास्थ्य सुविधाओं की अनदेखी का आरोप लगाते हुए वार्डन और डिस्पेंसरी में तैनात फार्मासिस्ट को हटाने की मांग की। छात्रों का कहना है कि परिसर में विद्यार्थियों के लिए पर्याप्त स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध नहीं हैं। डिस्पेंसरी में सीमित उपचार व्यवस्था होने के कारण गंभीर रूप से बीमार छात्रों को बाहर के अस्पतालों में रेफर करना पड़ता है।

छात्रों ने यह भी आरोप लगाया कि छात्रा की मौत के बाद विश्वविद्यालय में शोकसभा तक आयोजित नहीं की गई और सामान्य रूप से शिक्षण एवं शिक्षणेत्तर कार्य जारी रहे। इससे छात्र-छात्राओं में नाराजगी और बढ़ गई। प्रदर्शन के बाद कुलपति डॉ. भगवती प्रसाद भट्ट ने आक्रोशित छात्रों से वार्ता की।

करीब दो घंटे तक चली बैठक में छात्रों ने मृतक छात्रा के परिजनों को 50 लाख रुपये का मुआवजा देने समेत कई मांगें विश्वविद्यालय प्रशासन के सामने रखीं। छात्रों ने परिसर में 24 घंटे डॉक्टर और नर्स की व्यवस्था करने, आपातकालीन स्थिति के लिए चार एंबुलेंस उपलब्ध कराने और स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करने की मांग की।

इसके अलावा स्वास्थ्य केंद्र में पैथोलॉजी लैब स्थापित करने, नियमित स्वास्थ्य शिविर आयोजित कराने, मेस की गुणवत्ता और व्यवस्थाओं का नियमित निरीक्षण कराने, बीमार छात्रों पर उपस्थिति का दबाव नहीं बनाने और बीमारी के दौरान छुट्टी लेने की प्रक्रिया सरल करने की मांग भी रखी गई।

छात्रों ने छात्रावासों की व्यवस्थाओं में सुधार और मामले में जिम्मेदार कार्मिकों के खिलाफ कार्रवाई की मांग भी की। छात्रों ने कुलसचिव और डीन छात्र अधिष्ठाता के साथ भी विभिन्न मांगों को लेकर वार्ता की। बताया जा रहा है कि बातचीत के दौरान कई मांगों पर सहमति बनी है। छात्रों का कहना है कि अब वे प्रशासन की ओर से सहमति के अनुसार कार्रवाई किए जाने का इंतजार करेंगे।

कुलपति डॉ. भगवती प्रसाद भट्ट ने कहा कि विश्वविद्यालय परिसर में हुई छात्रा की मौत अत्यंत दुखद घटना है। उन्होंने बताया कि परिसर में एक चिकित्सक की नियुक्ति की जाएगी और भविष्य में इस तरह की घटना दोबारा न हो, इसके लिए स्वास्थ्य व्यवस्थाओं को विशेष रूप से मजबूत किया जाएगा।

कुलपति ने कहा कि छात्रों की समस्याओं को लेकर उनके साथ बैठक की गई है और समाधान की दिशा में कार्रवाई की जा रही है। पूरे मामले की जांच के लिए जांच समिति गठित कर दी गई है, जो 15 दिनों के भीतर अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत करेगी।

दरअसल, बीएससी हॉर्टिकल्चर चतुर्थ वर्ष की छात्रा की शनिवार रात अचानक तबीयत बिगड़ गई थी। छात्रों के अनुसार, छात्रा को विश्वविद्यालय परिसर में उपलब्ध मेडिकल सुविधा से उपचार दिलाने का प्रयास किया गया, लेकिन आरोप है कि वहां अपेक्षित चिकित्सा सुविधा नहीं मिल सकी। इसके बाद छात्रा को विश्वविद्यालय की एंबुलेंस से पाबौ अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।

छात्रों का आरोप है कि पाबौ पहुंचने के बाद विश्वविद्यालय की ओर से अपनी एंबुलेंस उपलब्ध कराने से मना कर दिया गया। इसके बाद सरकारी एंबुलेंस की मदद से छात्रा को पौड़ी अस्पताल ले जाया गया। पौड़ी में उपचार के बाद गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे श्रीनगर रेफर किया गया।

छात्रों के मुताबिक, श्रीनगर में भी छात्रा की तबीयत में सुधार नहीं हुआ, जिसके बाद रविवार को उसे ऋषिकेश ले जाया गया। उपचार के दौरान रविवार को छात्रा की मौत हो गई। घटना के बाद से विश्वविद्यालय के छात्र आक्रोशित हैं और स्वास्थ्य व्यवस्थाओं में सुधार के साथ मामले की जांच और जिम्मेदारी तय करने की मांग कर रहे हैं।

Adil Rao

एडिटर इन चीफ

Adil Rao

एडिटर इन चीफ

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!