मुख्यमंत्री धामी ने 30 हजार चयनित कार्मिकों को लिखा पत्र, दी शुभकामनाएं

देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बीते चार वर्षों में सरकारी सेवा में चयनित हुए कार्मिकों को डिजिटल माध्यम से पत्र लिखकर शुभकामनाएं दीं। पत्र में उन्होंने युवाओं को राजकीय सेवा में चयनित होने पर बधाई देते हुए इसे राज्य और उनके परिवारों के लिए गर्व का क्षण बताया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2022 में उत्तराखंड की जनता ने उन्हें दूसरी बार “मुख्य सेवक” का दायित्व सौंपा। इस जनादेश की भावना के अनुरूप कार्यभार संभालते ही प्रदेश में बेरोजगारी की समस्या को कम करने और रिक्त पदों पर भर्ती के लिए व्यापक अभियान शुरू किया गया।
30 हजार से अधिक युवाओं को मिली नियुक्ति
मुख्यमंत्री के अनुसार, पिछले चार वर्षों में राज्य सरकार द्वारा लगभग 30 हजार से अधिक युवाओं को राजकीय सेवक के रूप में नियुक्ति दी जा चुकी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि भर्ती अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।
उन्होंने कहा कि आज युवा अपनी प्रतिभा और कठोर परिश्रम के बल पर चयनित हो रहे हैं। राज्य सरकार द्वारा लागू कठोर नकल विरोधी कानून और पारदर्शी चयन प्रक्रिया ने योग्य अभ्यर्थियों को उचित अवसर प्रदान किया है।
ईमानदारी और सेवा भाव पर दिया जोर
मुख्यमंत्री ने चयनित कार्मिकों से अपील की कि वे निष्पक्षता और ईमानदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें। उन्होंने कहा कि राजकीय सेवक के रूप में उन्हें मानवीय मूल्यों को सर्वोपरि रखते हुए आमजन की सेवा के लिए सदैव तत्पर रहना चाहिए।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कुछ चयनित युवाओं से दूरभाष पर बातचीत भी की और उन्हें उत्साहपूर्वक जनसेवा में योगदान देने के लिए प्रेरित किया।



