उत्तराखंड

दलेर मेहंदी विवाद पर सुबोध उनियाल का नया बयान, बोले- माफी मांगने से बेहतर इस्तीफा देना पसंद करूंगा!

Listen to this article

देहरादून। पंजाबी गायक दलेर मेहंदी और उत्तराखंड के कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल के बीच कुंजापुरी मेले में हुए विवाद का मामला एक बार फिर चर्चा में है। मंत्री सुबोध उनियाल का एक नया वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इसमें वह कहते सुनाई दे रहे हैं कि यदि आलाकमान उनसे माफी मांगने के लिए कहेगा तो वह माफी मांगने के बजाय इस्तीफा देना पसंद करेंगे। उन्होंने कहा कि जीवन में आत्मसम्मान बहुत बड़ी चीज है।

वीडियो में सुबोध उनियाल कहते सुनाई दे रहे हैं कि कुछ लोगों ने उनसे कहा कि यदि आलाकमान का निर्देश आया तो उन्हें माफी मांगनी पड़ेगी। इस पर उन्होंने जवाब दिया कि वह माफी मांगने के बजाय इस्तीफा देना पसंद करेंगे। उनके इस बयान के बाद दलेर मेहंदी विवाद एक बार फिर सुर्खियों में आ गया है।

दलेर मेहंदी की प्रस्तुति पर की थी टिप्पणी

दरअसल, कुंजापुरी मेले की सांस्कृतिक संध्या में पंजाबी गायक दलेर मेहंदी की प्रस्तुति को लेकर सुबोध उनियाल ने नाराजगी जताई थी। मंत्री ने कहा था कि उस समय उन्हें लगा कि गायक नशे में हैं, हालांकि उन्हें यह जानकारी नहीं थी कि किस वजह से उनकी आवाज लड़खड़ा रही थी। बाद में उन्हें पता चला कि गायक की तबीयत खराब थी।

उनियाल के अनुसार, यदि कलाकार की तबीयत ठीक नहीं थी तो आयोजकों या वहां मौजूद लोगों को इसकी जानकारी देनी चाहिए थी अथवा कार्यक्रम में शामिल नहीं होना चाहिए था। उन्होंने बताया था कि कार्यक्रम के लिए 35 लाख रुपये दिए गए थे और होटल में ठहरने की अलग से व्यवस्था भी की गई थी। मंत्री ने स्पष्ट किया था कि उनका उद्देश्य किसी कलाकार या संगीत को बदनाम करना नहीं था, लेकिन करीब 45 मिनट तक ठीक से प्रस्तुति नहीं होने पर उन्होंने जनप्रतिनिधि होने के नाते गायक को टोका था।

मंच पर आमने-सामने आए थे मंत्री और गायक

बीते 18 नवंबर को टिहरी में आयोजित कुंजापुरी मेले की सांस्कृतिक संध्या के दौरान दलेर मेहंदी प्रस्तुति दे रहे थे। इसी दौरान उनकी आवाज लड़खड़ाने पर कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल मंच पर पहुंच गए और उन्हें टोका। मंत्री ने कहा था कि कलाकार को अपनी प्रतिष्ठा का ध्यान रखना चाहिए और उन्हें क्षेत्र के लोगों के मनोरंजन के लिए बुलाया गया है।

इस पर दलेर मेहंदी ने मंत्री से पंडाल में बैठने का अनुरोध करते हुए कहा था कि उन्हें सम्मान के साथ बुलाया गया है और वह अच्छी प्रस्तुति दे रहे हैं।

मीका सिंह और कपिल शर्मा ने जताई थी नाराजगी

विवाद सामने आने के बाद गायक मीका सिंह, कपिल शर्मा समेत अन्य लोगों ने मंत्री की टिप्पणी पर नाराजगी जताई थी। मामला बढ़ने पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मीका सिंह से फोन पर बातचीत की थी। मुख्यमंत्री ने कहा था कि किसी भी तरह की गलतफहमी या मतभेद को आपसी संवाद और सौहार्दपूर्ण माहौल में दूर किया जाना चाहिए। इसके बाद उन्होंने दलेर मेहंदी से भी बातचीत की थी।

अब सुबोध उनियाल के माफी मांगने के बजाय इस्तीफा देने वाले ताजा बयान का वीडियो वायरल होने से यह मामला फिर चर्चा में आ गया है।

Adil Rao

एडिटर इन चीफ

Adil Rao

एडिटर इन चीफ

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!