डीएवी कॉलेज समारोह में अभद्र भाषा का आरोप, गायक मासूम शर्मा पर मुकदमा दर्ज

देहरादून। राजधानी के डीएवी पीजी कॉलेज देहरादून में आयोजित छात्रसंघ समारोह के दौरान मंच से अभद्र भाषा के प्रयोग का मामला तूल पकड़ गया है। हरियाणवी गायक मासूम शर्मा के खिलाफ डालनवाला कोतवाली में मुकदमा दर्ज किया गया है।
मुकदमा छात्र प्रतिनिधि प्रांचल नौनी की तहरीर पर दर्ज हुआ है।
मंच से अभद्र भाषा के प्रयोग का आरोप
पुलिस को दी गई तहरीर में प्रांचल ने बताया कि 11 अप्रैल को कॉलेज में आयोजित छात्रसंघ कार्यक्रम में गायक को आमंत्रित किया गया था। आरोप है कि कार्यक्रम के दौरान उन्होंने सार्वजनिक मंच से सैकड़ों छात्र-छात्राओं और उपस्थित लोगों के सामने मां-बहन की गालियां और अन्य अश्लील शब्दों का प्रयोग किया।
तहरीर में कहा गया है कि घटना का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर वायरल हो गया है, जिससे राज्यभर में आक्रोश फैल गया है। शिकायतकर्ता के अनुसार, शैक्षणिक परिसर में इस प्रकार की भाषा का प्रयोग कॉलेज और देहरादून शहर की छवि को नुकसान पहुंचाने वाला है।
इन धाराओं में दर्ज हुआ केस
एसपी सिटी प्रमोद कुमार ने बताया कि तहरीर के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296 (सार्वजनिक स्थान पर अश्लील कृत्य या गीत) और धारा 352 (जानबूझकर अपमान कर शांति भंग के लिए उकसाना) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
कार्रवाई न होने पर आंदोलन की चेतावनी
शिकायतकर्ता ने चेतावनी दी है कि यदि गायक के खिलाफ शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई तो छात्र-छात्राओं, अभिभावकों और सामाजिक संगठनों के साथ थाना घेराव और शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन किया जाएगा।
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो
गायक का कथित गाली-गलौज वाला वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से प्रसारित हो रहा है। देहरादून सहित उत्तराखंड और देश के अन्य हिस्सों में भी इस मामले को लेकर तीखी प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि डिजिटल साक्ष्यों की जांच की जा रही है और नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।



