हल्द्वानी में रफ्तार का कहर: सड़क हादसे में किशोरी की जान गई, पसरा मातम

हल्द्वानी: नैनीताल जिले के हल्द्वानी शहर में सोमवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में 13 वर्षीय बच्ची की मौत हो गई। शनि बाजार रोड पर तेज रफ्तार कैंटर ने स्कूटी को टक्कर मार दी, जिससे बच्ची ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना के बाद क्षेत्र में भारी आक्रोश फैल गया और मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।
जानकारी के अनुसार, मृतक बच्ची मूल रूप से उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद की रहने वाली थी और इन दिनों हल्द्वानी में अपनी नानी के घर आई हुई थी। बताया जा रहा है कि वह अपनी बहन के साथ स्कूटी से बाजार जा रही थी। इसी दौरान सामने से आ रहे एक तेज रफ्तार कैंटर ने स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी भीषण थी कि बच्ची सड़क पर गिरकर कैंटर के पहिए के नीचे आ गई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा और सैकड़ों की संख्या में लोग घटनास्थल पर जुट गए। लोगों ने वाहन चालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए कैंटर को घेर लिया।
सूचना मिलते ही पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) अमित कुमार सैनी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने लोगों को समझाकर स्थिति को नियंत्रित किया और चालक को भीड़ के बीच से निकालकर हिरासत में ले लिया। इसके बाद कैंटर को भी कब्जे में ले लिया गया।
हादसे की खबर मिलते ही मृतक बच्ची के परिवार में कोहराम मच गया। बताया जा रहा है कि बच्ची के पिता सऊदी अरब में नौकरी करते हैं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
सीओ सिटी अमित कुमार सैनी ने बताया कि हादसे में एक किशोरी की मौत हुई है। कैंटर और चालक को पुलिस हिरासत में ले लिया गया है। परिजनों की तहरीर के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। घटना की जांच जारी है।



