आधी रात ट्रेन से गायब हुई नवविवाहिता,केदारनाथ से लौट रही महिला अचानक लापता, पुलिस ने बिहार से किया बरामद

लक्सर/देहरादून। कानपुर की प्रज्ञा सिंह की शादी को अभी तीन महीने ही हुए थे। वह अपने पति मनीष के साथ केदारनाथ यात्रा से लौटते समय देहरादून-गाजियाबाद नंदा देवी एक्सप्रेस ट्रेन से घर वापस जा रही थीं। इसी दौरान आधी रात रहस्यमयी परिस्थितियों में वह ट्रेन से गायब हो गईं। छह दिन की तलाश के बाद प्रज्ञा बिहार के बेगूसराय में सकुशल मिलीं। अब उन्होंने खुद सामने आकर पूरी घटना की जानकारी दी है।
पुलिस के अनुसार, महिला को सुरक्षित बरामद कर परिवार को सौंप दिया गया है। लक्सर के एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल ने बताया कि ट्रेन में पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। पति के सो जाने के बाद प्रज्ञा चुपचाप ट्रेन से उतर गईं और बिना टिकट दूसरी ट्रेन में सवार हो गईं। उन्हें यह भी पता नहीं था कि वह ट्रेन बिहार की ओर जा रही है और इस तरह वह बेगूसराय पहुंच गईं।
मां को फोन कर दी सूचना
पुलिस के मुताबिक, बिहार पहुंचने के बाद प्रज्ञा ने अपनी मां को फोन कर बताया कि वह सुरक्षित हैं और चिंता न करें। इसके बाद पुलिस ने लोकेशन के आधार पर उन्हें बरामद कर लिया।
घटना कैसे हुई
जानकारी के अनुसार, 5 मई की रात प्रज्ञा सिंह अपने पति के साथ केदारनाथ यात्रा पूरी कर देहरादून से गाजियाबाद लौट रही थीं। दोनों नंदा देवी एक्सप्रेस में सफर कर रहे थे। हरिद्वार पार करने तक दोनों के बीच सामान्य बातचीत हुई, जिसके बाद वे सो गए।
पति मनीष के मुताबिक, मुजफ्फरनगर स्टेशन के पास उनकी आंख खुली तो प्रज्ञा सीट पर नहीं थीं। पहले उन्हें लगा कि वह वॉशरूम गई होंगी, लेकिन काफी देर तक वापस न आने पर उन्होंने पूरे डिब्बे और अन्य कोचों में तलाश की। मोबाइल फोन भी बंद मिला।
गुमशुदगी दर्ज, चला सर्च ऑपरेशन
स्टेशन पर भी तलाश के बाद जब कोई जानकारी नहीं मिली तो रेलवे पुलिस को सूचना दी गई। मामला बाद में रुड़की कोतवाली भेजा गया, जहां गुमशुदगी दर्ज की गई। पति ने किसी हादसे या आपराधिक वारदात की आशंका जताई थी।
पुलिस ने रेलवे ट्रैक और आसपास के क्षेत्रों में सर्च ऑपरेशन चलाया। कॉल डिटेल रिकॉर्ड, मैसेज और व्हाट्सऐप चैट की भी जांच की गई, लेकिन कोई संदिग्ध गतिविधि सामने नहीं आई। सीसीटीवी कैमरों के काम न करने से जांच में चुनौती आई।
फिलहाल प्रज्ञा अपने कानपुर स्थित घर पर परिवार के साथ हैं और मामला शांत हो गया है।



