गढ़वाल के लिए डबल गुड न्यूज! रामनगर-देहरादून ट्रेन होगी शुरू, लालढांग-चिल्लरखाल मार्ग पर वाहनों को मंजूरी

पौड़ी: गढ़वाल क्षेत्र के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है। गढ़वाल लोकसभा सांसद अनिल बलूनी ने क्षेत्रवासियों को एक ही दिन में दो महत्वपूर्ण सौगातों की जानकारी दी है। इनमें 18 जुलाई से रामनगर–देहरादून सीधी ट्रेन सेवा का शुभारंभ और लालढांग–चिल्लरखाल मार्ग पर विभिन्न श्रेणी के वाहनों के संचालन को मंजूरी शामिल है। सांसद ने कहा कि दोनों फैसलों से गढ़वाल में विकास, पर्यटन, व्यापार और आवागमन को नई गति मिलेगी।
सांसद अनिल बलूनी ने बताया कि लंबे समय से चली आ रही जन मांग को पूरा करते हुए 18 जुलाई से रामनगर–देहरादून सीधी ट्रेन सेवा शुरू की जा रही है। प्रारंभिक चरण में यह ट्रेन सप्ताह में दो दिन संचालित होगी। यात्रियों की संख्या बढ़ने पर इसके संचालन को सप्ताह में चार या पांच दिन तक बढ़ाने का प्रयास किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि कॉर्बेट सिटी के रूप में प्रसिद्ध रामनगर उत्तराखंड का प्रमुख पर्यटन केंद्र है। नई रेल सेवा शुरू होने से स्थानीय लोगों को देहरादून आने-जाने में सुविधा मिलेगी, वहीं देशभर से आने वाले पर्यटक कॉर्बेट नेशनल पार्क सहित उत्तराखंड के प्रमुख पर्यटन और धार्मिक स्थलों तक आसानी से पहुंच सकेंगे।
सांसद ने इस उपलब्धि का श्रेय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को देते हुए कहा कि उनके प्रयासों से उत्तराखंड की रेल कनेक्टिविटी लगातार मजबूत हो रही है।
इसके साथ ही सांसद ने बताया कि सुप्रीम कोर्ट की सेंट्रल एम्पावर्ड कमेटी (CEC) ने लालढांग–चिल्लरखाल मार्ग पर व्यावसायिक वाहनों के संचालन को लेकर बनी असमंजस की स्थिति को दूर कर दिया है। अब इस मार्ग पर सवारी वाहन, सरकारी बसें, जीएमओयू (GMOU) की बसें, स्कूल बसें, किसानों के ट्रैक्टर तथा भवन निर्माण सामग्री ले जाने वाले वाहनों के संचालन का रास्ता साफ हो गया है।
उन्होंने कहा कि इस फैसले से हजारों स्थानीय लोगों, छात्रों, किसानों, व्यापारियों और आम नागरिकों को बड़ी राहत मिलेगी। लंबे समय से परिवहन से जुड़ी व्यावहारिक समस्याओं का समाधान होने के साथ क्षेत्र में पर्यटन, व्यापार, शिक्षा और जनसुविधाओं को भी बढ़ावा मिलेगा।
सांसद अनिल बलूनी ने कहा कि हाल ही में धनगढ़ी पुल के लोकार्पण के बाद ये दोनों फैसले गढ़वाल के समग्र विकास की दिशा में महत्वपूर्ण मील का पत्थर साबित होंगे।



