जेनी के बेटे के पिता को लेकर हरक सिंह का बड़ा दावा, दून अस्पताल के रिकॉर्ड का दिया हवाला

देहरादून। उत्तराखंड की राजनीति में करीब 23 साल पुराने जेनी प्रकरण में सोमवार को एक बार फिर नया मोड़ आ गया। पूर्व कैबिनेट मंत्री और कांग्रेस चुनाव प्रचार कमेटी के अध्यक्ष डॉ. हरक सिंह रावत ने मीडिया के सामने दावा किया कि जेनी के बेटे के पिता का नाम बबलू है। उनके अनुसार, दून अस्पताल के रिकॉर्ड में बच्चे के पिता के नाम के स्थान पर ‘बबलू’ दर्ज है।
हरक सिंह रावत ने दावा किया कि बबलू बरेली का रहने वाला बताया गया है और देहरादून आने से पहले जेनी उसके साथ करीब तीन महीने तक लिव-इन रिलेशनशिप में रही थी। उन्होंने कहा कि बाद में वह युवक जेनी को दिल्ली बस अड्डे पर छोड़ गया था। हालांकि, ये सभी बातें हरक सिंह रावत की ओर से किए गए दावे हैं।
गौरतलब है कि सात नवंबर को उत्तरांचल प्रेस क्लब में जेनी ने हरक सिंह रावत पर दुष्कर्म और यौन शोषण के आरोप लगाए थे। इसके बाद हरक सिंह का यह नया बयान सामने आया है, जिससे करीब दो दशक से अधिक पुराने इस प्रकरण में आरोप-प्रत्यारोप का सिलसिला फिर तेज हो गया है।
जेनी अपने 23 वर्षीय बेटे के पिता के रूप में हरक सिंह रावत का नाम ले रही हैं और डीएनए जांच की मांग कर रही हैं। वहीं, हरक सिंह रावत पुराने अस्पताल रिकॉर्ड और सीबीआई की डीएनए जांच का हवाला देते हुए उनके दावे को खारिज कर रहे हैं। इस तरह दोनों पक्षों के बीच बेटे के पितृत्व को लेकर विवाद एक बार फिर चर्चा में आ गया है।



