लक्सर में महाराजा भागीरथ की पेंटिंग हटाने पर विवाद, विधायक और सैनी समाज के जिलाध्यक्ष आमने-सामने

लक्सर: हरिद्वार जिले के लक्सर बस स्टैंड पर महाराजा भागीरथ की पेंटिंग हटाए जाने को लेकर विवाद खड़ा हो गया। मामले की जानकारी मिलते ही खानपुर विधायक उमेश कुमार मौके पर पहुंचे और पेंटिंग हटाने के तरीके पर नाराजगी जताई। उन्होंने ठेकेदार और मौके पर मौजूद कर्मचारियों से सवाल किए और संबंधित सैनी समाज के जिलाध्यक्ष के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने की चेतावनी दी। वहीं, सैनी समाज के जिलाध्यक्ष का कहना है कि पेंटिंग खंडित हो गई थी, इसलिए समाज के लोगों ने आपसी सहमति से उसे हटाकर वहां महाराजा भागीरथ की प्रतिमा स्थापित करने का निर्णय लिया।
जानकारी के अनुसार, करीब दो साल पहले खानपुर विधायक उमेश कुमार शर्मा ने अपने निजी खर्च से महाराजा भागीरथ की फ्रेम पेंटिंग बनवाई थी। सैनी समाज की मांग पर उन्होंने अपनी पत्नी सोनिया शर्मा के हाथों विधि-विधान और पूजा-अर्चना के साथ इसका अनावरण कराया था। इसके बाद से पेंटिंग लक्सर बस स्टैंड पर लगी हुई थी।
15 अक्टूबर को पेंटिंग हटाए जाने की सूचना स्थानीय लोगों को मिली, जिसके बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। लोगों ने इसकी जानकारी विधायक उमेश कुमार को दी। मौके पर पहुंचे विधायक ने पेंटिंग को एक कोने में पड़ा देखा और इसे हटाने के तरीके पर कड़ी नाराजगी जताई।
विधायक उमेश कुमार ने कहा कि महाराजा भागीरथ लोगों की आस्था के प्रतीक हैं। उन्होंने गंगा को धरती पर लाकर जनकल्याण किया था। ऐसे में पेंटिंग को हटाने से पहले समाज के लोगों को सूचना देनी चाहिए थी और विधि-विधान से पूजा-अर्चना की जानी चाहिए थी। उन्होंने अधिकारियों से फोन पर बात कर मामले की जानकारी दी और धार्मिक भावनाएं आहत करने तथा सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने के मामले में मुकदमा दर्ज कराने की चेतावनी दी। विधायक के हस्तक्षेप के बाद निर्माण कार्य रोक दिया गया।
वहीं, सैनी समाज के जिलाध्यक्ष बाबूराम सैनी ने बताया कि इस संबंध में समाज के लोगों के साथ काफी समय से बातचीत चल रही थी। उनके अनुसार, महाराजा भागीरथ की पेंटिंग खंडित हो गई थी। इसके बाद समाज के लोगों ने चंदा इकट्ठा कर आपसी सहमति से पेंटिंग हटाकर वहां महाराजा भागीरथ की प्रतिमा स्थापित करने का निर्णय लिया।
बाबूराम सैनी ने कहा कि 15 अक्टूबर को खंडित पेंटिंग हटाकर प्रतिमा स्थापित की गई है। बाद में विधि-विधान और पूजा-अर्चना के साथ प्रतिमा का अनावरण किया जाएगा। फिलहाल, पेंटिंग हटाए जाने को लेकर विधायक की नाराजगी और सैनी समाज के पक्ष के बाद मामला चर्चा में है।



